बिहार के छपरा के एकमा-परसा रोड पर दिनदहाड़े लूट की घटना से सनसनी फैल गई। यहां पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी को निशाना बनाकर उनसे लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली। पीड़ित कारोबारी की पहचान परसा बाजार निवासी संदीप सोनी के रूप में हुई है। अपराधियों ने सोनी से 2 किलो चांदी और सोना भी लूट लिया।

 

वह एकमा से अपनी सोने-चांदी की दुकान के लिए परसा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर संदीप सोनी से उनका मोबाइल फोन, करीब 2 किलो चांदी और 8 ग्राम सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: बांका में भ्रष्ट इंजीनियर के 5 ठिकानों पर छापा, आय से अधिक संपत्ति का केस

CCTV खंगाल रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से अपराधियों की पहचान और बाइक का नंबर मिलने की उम्मीद है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अपराधी दो की संख्या में थे और दोनों मुंह बांधे हुए थे। लूट के बाद वे एकमा की तरफ भाग निकले। पुलिस ने आसपास के गांवों और मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कराकर वाहन चेकिंग अभियान भी शुरू किया है।

 

DSP ने कहा कि मामला गंभीर है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही लुटेरों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं लूट की साजिश में कोई जानकार शामिल तो नहीं था।

 

यह भी पढ़ें: 'लड़कियों के कपड़े नहीं, लड़कों की सोच सुधारिए', दिल्ली HC की सख्त टिप्पणी

एक महीने में दूसरी लूट  

स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब एक महीने पहले भी परसा बाजार के ही एक अन्य ज्वेलरी कारोबारी को अपराधियों ने निशाना बनाया था। उस समय भी बदमाश जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। एक महीने के भीतर ज्वेलरी कारोबारी से लूट की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं से परसा बाजार और आसपास के इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। व्यवसायियों का कहना है कि दिन में भी इस तरह की लूट होने से उनका मनोबल टूट रहा है। कई दुकानदारों ने तो इस घटना के विरोध में अपनी दुकानें बंद रखने की भी चेतावनी दी है। व्यवसायियों का कहना है कि पुलिस गश्त के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। शाम होते ही सुनसान सड़कों पर अपराधियों का बोलबाला हो जाता है।

व्यवसायियों ने की जल्द गिरफ्तारी की मांग  

घटना के बाद परसा बाजार के व्यवसायियों ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। व्यवसायियों ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ने कहा हम लोग मेहनत की कमाई से कारोबार करते हैं। एक महीने में दो बार लूट हो चुकी है। पुलिस को चाहिए कि बाजार और मुख्य सड़कों पर गश्त बढ़ाए और संदिग्ध लोगों पर नजर रखे। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो हम लोग चक्का जाम करेंगे। पुलिस ने व्यवसायियों को आश्वासन दिया है कि मामले में जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर चुकी है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।