बिहार के भोजपुरी  जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीम ने मिलकर बड़ी कार्रवाई की है, जिन्होंने 20 हजार से अधिक कारतूस के साथ सफारी कार सवार तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए कारतूसों की संख्या देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। जिले में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों की खेप पकड़ी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सफारी कार से भारी मात्रा में कारतूसों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर भोजपुर SP राज के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ के जवान भी शामिल थे। टीम ने कोइलवर थाना क्षेत्र में जाल बिछाया और आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

 

इसी दौरान एक सफेद रंग की सफारी कार तेजी से आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो चालक ने भागने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से बोरियों में भरकर रखे गए कारतूस बरामद हुए। गिनती करने पर 20 हजार से अधिक कारतूस मिले। पुलिस ने तुरंत कार में सवार तीनों लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लिए उन्हें कोइलवर थाने लाया गया।

 

यह भी पढ़ें: लड़की से मिलने गए पुलिस अफसर को लोगों ने पकड़ा तो चला दी गोली, 1 की मौत

तीन तस्कर हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार तस्करों की पहचान अभी गुप्त रखी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीनों अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह से जुड़े हैं। ये कारतूस मुंगेर से लाकर भोजपुर और बक्सर समेत अन्य जिलों में सप्लाई करने जा रहे थे। एसपी ने बताया कि पकड़े गए कारतूस अलग-अलग बोर के हैं। इनमें AK-47, पिस्टल और राइफल के कारतूस शामिल हैं। कारतूसों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। सफारी कार को भी जब्त कर लिया गया है। इस मामले में भोजपुर एसपी राज ने बताया कि यह बहुत बड़ी सफलता है। 20 हजार से अधिक कारतूसों के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कारतूस कहां से आया और कहां जाना था, इसकी जांच की जा रही है।


उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह खेप मुंगेर से लाई जा रही थी। तस्कर इसे अपराधियों को सप्लाई करने वाले थे। समय रहते कार्रवाई कर बड़ी घटना को टाल दिया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से एसटीएफ की टीम पूछताछ कर रही है। इनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है, इसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही कई और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

 

यह भी पढ़ें: UP में कस्टडी से भागा आरोपी, एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार; 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड

मुंगेर कनेक्शन आया सामने

बताया जा रहा है कि बिहार में अवैध हथियारों का सबसे बड़ा गढ़ मुंगेर माना जाता है। वहां से ही पूरे बिहार समेत अन्य राज्यों में हथियार और कारतूस की सप्लाई होती है। भोजपुर में पकड़ी गई यह खेप भी मुंगेर से ही लाई गई थी। पुलिस अब मुंगेर में इस गिरोह के आकाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

 

एसटीएफ की टीम मुंगेर के लिए रवाना हो गई है। एक साथ 20 हजार से अधिक कारतूस पकड़े जाने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का बाजार गर्म है। लोग पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में कारतूसों का पकड़ा जाना यह दर्शाता है कि जिले में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं।