बिहार में अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब मंत्री के घर तक धमकी पहुंचने लगी है। मुजफ्फरपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राज्य सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता के बेटे कृष्ण मुरारी को व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 3 दिन के अंदर पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कृष्ण मुरारी के मोबाइल पर पहले एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बोल रहा है। 50 लाख रुपये तुरंत देने होंगे। इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल भी आई। कॉल करने वाले ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि 3 दिन के भीतर रकम नहीं दी तो इसका अंजाम बहुत बुरा होगा। उसने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो मंत्री के पूरे परिवार को निशाना बनाया जाएगा। लगातार धमकी मिलने के बाद कृष्ण मुरारी और उनका परिवार डर गया। उन्होंने बिना देर किए सदर थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी बात बताई।
यह भी पढ़ें: बिक्रमगंज में दिनदहाड़े लूट ली गहनों की दुकान, CCTV में दिखे 5 हथियारबंद बदमाश
पुलिस को सौंपे स्क्रीनशॉट, FIR दर्ज
शिकायत के साथ कृष्ण मुरारी ने पुलिस को व्हाट्सएप चैट, कॉल लॉग और धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट भी दिए हैं। पुलिस ने उनके बयान पर एफआइआर दर्ज कर ली है। सदर थाने के थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला बेहद गंभीर है। मंत्री के बेटे को धमकी मिली है। इसलिए इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जा रहा है।
साइबर सेल कर रही तकनीकी जांच
पुलिस ने मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली है। साइबर सेल की टीम उस मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी एड्रेस और लोकेशन खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि कॉल और मैसेज के लिए फर्जी सिम या इंटरनेट कॉलिंग ऐप का इस्तेमाल तो नहीं किया गया। अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों से जल्द ही आरोपी तक पहुंचा जाएगा।
यह भी पढ़ें: 3 दिन शव के पास बैठी रही पत्नी, पैसे नहीं थे तो चंदा जुटाकर हुआ अंतिम संस्कार
तीसरी बार मांगी गई बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी
पुलिस के अनुसार मुजफ्फरपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने की यह लगातार तीसरी घटना है। इससे पहले भी जिले के कुछ कारोबारियों को इसी तरह के धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल चुके हैं। पुलिस का मानना है कि अपराधी बिश्नोई गैंग का नाम लेकर लोगों में डर पैदा कर रहे हैं और अवैध वसूली कर रहे हैं। यह भी संभव है कि धमकी देने वाला असली गैंग से जुड़ा न हो लेकिन नाम का गलत इस्तेमाल कर रहा हो। घटना के बाद प्रशासन ने पर्यटन मंत्री और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी है। मंत्री के घर के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक परिवार की सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद आरोपी की पहचान कर ली जाएगी। इसके बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
