पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर तमाम राजनीतिक दलों ने तैयारियों शुरू कर दी हैं। इन चुनावों को लेकर इस बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भी गंभीर रूप से तैयारी कर रही है और पार्टी का दावा है कि वह राज्य की सभी 117 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। चुनाव की तैयारियों को लेकर बीजेपी ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राज्य चुनाव समिति की घोषणा की है।

 

पार्टी की ओर से 23 नवंबर 2026 को जारी आधिकारिक पत्र के मुताबिक, इस समिति में पार्टी के सीनियर नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व मंत्रियों और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। इस समिति का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की चुनावी रणनीति और तैयारियों को आगे बढ़ाना होगा। बीजेपी के कई बड़े नेता पहले ही राज्य के दौरे कर रहे हैं और इस बीच अब पार्टी ने राज्य स्तर पर संगठन में जिम्मेदारियां बांटना शुरू कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें: सरयू-कमला एक्सप्रेस से जुड़ेगा अयोध्या-जनकपुर, जानिए ट्रेन का रूट और टाइम-टेबल

16 नेताओं को मिली जगह

बीजेपी की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, राज्य चुनाव समिति में कुल 16 नेताओं को जगह दी गई है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल को शामिल किया गया है। इसके अलावा बीजेपी के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, अश्वनी शर्मा, पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया और श्वैत मलिक को भी समिति में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) मंत्री श्रीनिवासुलु, विजय सांपला, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद प्रनीत कौर, पूर्व मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, मनजीत सिंह मन्ना, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, दिनेश बाबू और जंगी लाल महाजन भी इस समिति का हिस्सा होंगे।

ये नेता भी होंगे शामिल

पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में तीन नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया गया है। इनमें राष्ट्रीय महामंत्री और पंजाब के राज्य प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश सह-प्रभारी वीरेंद्र सचदेवा और अलका गुर्जर के नाम शामिल हैं। इन नेताओं की मौजूदगी से चुनावी तैयारियों में केंद्रीय नेतृत्व और पंजाब संगठन के बीच समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पार्टी दिसंबर पहले सप्ताह में पूरी तरह से चुनावी कैंपेन शुरू कर सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: PM-CM के पोस्टर फाड़े, 3 गिरफ्तार, RJD बोली- 'हमें बदनाम किया जा रहा है'

बीजेपी के लिए अहम चुनाव

पंजाब विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए काफी अहम माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी संगठन को अब पंजाब से उम्मीदें हैं। पंजाब में अब तक बीजेपी अपने दम पर सरकार नहीं बना पाई है। अमित शाह भी अब गंभीर रूप से पंजाब में चुनाव लड़ने के संकेत दे चुके हैं और कई बार खुद राज्य का दौरा कर चुके हैं। हालांकि, अभी सियासी गलियारें में चर्चा है कि बीजेपी अपने पुराने साथी अकाली दल को एक बार फिर से गठबंधन में ला सकती है लेकिन इसको लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।