उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 18 नवंबर यानी बुधवार को समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की 'PDA रथ यात्रा' के दौरान एक हादसा हो गया। काफिले में शामिल एक तेज रफ्तार बुलडोजर ने 10वी क्लास के एक बच्चे को पीछे से टक्कर मार दी। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिवार के लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर की झारखंडी कॉलोनी के बाहर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
परिवार का आरोप है कि यात्रा के दौरान भारी गड़बड़ी थी। उन्होंने अखिलेश यादव समेत यात्रा के आयोजकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मृतक की पहचान 14 साल के आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। वह केंद्रीय विद्यालय का छात्र था और गोरखपुर में बीजेपी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग से जुड़े नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था।
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद कोर्ट ने चंद्रशेखर आजाद के घर की कुर्की का आदेश क्यों जारी किया?
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
मृतक छात्र के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत के मुताबिक, यह घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की है, जब इलाके से अखिलेश यादव का काफिला गुजर रहा था। बीजेपी नेता ने बताया कि उनके बेटे का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं था। वह स्कूल से अपनी बहन को घर लाने के लिए सड़क पार कर रहा था। जैसे ही अखिलेश यादव का काफिला आगे बढ़ा, यात्रा में शामिल एक बुलडोजर जिससे फुल बरसाए जा रहे थे, बेहद तेज रफ्तार में पीछे से आया और आर्यवर्धन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आर्यवर्धन उछलकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। उसके सिर के पिछले हिस्से में गहरा घाव हो गया। परिवार को पहले पुलिस से सिर्फ एक्सीडेंट की सूचना मिली। जब पिता मौके पर पहुंचे तो बेटे का शरीर खून से लथपथ था। डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे को CPR देने की कोशिश की गई लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पिता ने की अखिलेश पर हत्या के केस की मांग
बेटे की मौत के बाद पिता ओंकार सिंह ने रथ यात्रा के प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे सीधा 'हत्या' करार दिया है। उन्होंने कहा कि काफिले का संचालन बेहद अनियंत्रित तरीके से किया जा रहा था। किसी भी राजनीतिक दल को इस तरह अव्यवस्था फैलाकर अपना दबदबा नहीं दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'हमारे बेटे की बेरहमी से जान ली गई है, मैं इसे हत्या कहूंगा क्योंकि ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था।' उन्होंने अखिलेश यादव और PDA रथ यात्रा की पूरी आयोजन समिति पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।
विवाद पर क्या बोले अखिलेश यादव?
जब अखिलेश यादव से इस हादसे और उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने घटना की जानकारी होने से इनकार कर दिया। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा, 'मुझे इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। इसके अलावा प्रशासन ने वहां कोई इंतजाम नहीं किए थे। बीजेपी वालों से सावधान रहने की जरूरत है, वे किसी को भी झूठे मामलों में फंसा देते हैं।'
यह भी पढ़ें: 2 से ज्यादा बच्चे होने पर नहीं जाएगी नौकरी, मध्य प्रदेश सरकार ने खत्म किया नियम
फिलहाल इस घटना ने गोरखपुर में राजनीतिक टकराव बढ़ा दिया है और पीड़ित परिवार लगातार समाजवादी पार्टी नेतृत्व व आयोजकों की जवाबदेही तय करने की मांग पर अड़ा हुआ है।
