प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। चालू होने के 3 दिन बाद ही एक्सप्रेसवे पर पहला हादसा हो गया। रायबरेली जिले के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के कठघर इलाके में एक डंपर ने साइड से कार को टक्कर मार दी। इसमें तीन लोगों को चोट आई है। दो की हालत सामान्य है। वहीं बच्चे को एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे की है।
डलमऊ क्षेत्राधिकारी गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि टक्कर कार और डंपर के बीच हुई है। दोनों वाहन प्रयागराज की तरफ एक ही दिशा में जा रहे थे। टायर फटने के कारण डंपर अनियंत्रित हो गया। उसने साइड से एक कार को टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: 'इतना क्यों घसीटा? बहुत घटिया पुलिस है', आहत युवक ने पुल से लटककर फांसी लगाई
हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों की पहचान रविंद्र यादव (40) उनकी पत्नी श्वेता यादव (37) और 9 वर्षीय बेटा सहर्ष के तौर पर हुई। परिवार जौनपुर जिले के बदलापुर थाना के मोलनापुर का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें: 'मैंने तुम्हें नौकरी दी, अब खुश करो...', नर्स से रेप की कोशिश, डॉक्टर पर FIR
घटना की सूचना मिलते ही तुरंत डलमऊ पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को लालगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने रविंद्र और श्वेता की चोटों को सामान्य बताया। वहीं सहर्ष के नाक में फ्रैक्चर हुआ है। खून बहने के कारण बच्चे को एम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
