तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक 23 साल के युवक की मॉब लिंचिंग का मामला सामने आया है। तोंडियारपेट इलाके में विष्णु नाम के एक युवक को गांजा की बिक्री पर सवाल पूछने के बाद बुरी तरह पीटकर मार दिया गया। यह घटना सोमवार की है। युवक की मौत पर अब राजनीति हो रही है।

पुलिस के मुताबिक कुछ लोगों के गिरोह ने विष्णु को घेर लिया और बीयर की बोतलों, हथौड़े तथा दूसरे भारी सामान से हमला कर दिया। युवक बुरी तरह घायल हो गया। उसे स्टेनली अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें: बिहार, बंगाल, तमिलनाडु में हार, UP में भी 'दुविधा हाइवे' पर चलेगी कांग्रेस?

युवक के साथ क्या हुआ था?

विष्णु ने गांजा की बिक्री पर सवाल उठाए थे। वह पूछ रहा था कि कैसे धड़ल्ले से गांजा बेचा और खरीदा जा रहा है। हेरोइन की तस्करी हो रही है। विष्णु के सवालों से नाराज लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा और हमले में उसकी मौत हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। 

ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कझगम के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी ने तमिलनाडु सरकार और मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
 

पलानीस्वामी, महासचिव, AIADMK:-
क्या अब नशीले पदार्थों की बिक्री पर सवाल उठाने वाले को मारकर जवाब दिया जाएगा?

पलानीस्वामी ने विजय सरकार को दी नसीहत

पलानीस्वामी ने मुख्यमंत्री विजय पर आरोप लगाया कि वह जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। पलानीस्वामी ने कहा कि सिर्फ अधिकारी बदलने से काम नहीं चलेगा, सत्ता में बैठे लोगों को बदलाव लाना होगा।

यह भी पढ़ें: दुकान जा रही थी लड़की, रास्ते में किडनैप, अब मिली लाश; तमिलनाडु में मचा बवाल

'सरकार चालाना कब सीखेंगे विजय'

पलानीस्वामी ने यह भी कहा है कि मुख्यमंत्री ने अप्रत्यक्ष रूप से स्वीकार किया है कि वह ड्रग माफिया पर अंकुश नहीं लगा पा रहे हैं। पलानीस्वामी ने सवाल किया कि क्या आम लोग नशीले पदार्थों की समस्या से परेशान होते रहेंगे और मरते रहेंगे, जबकि सरकार को अभी शासन चलाना सीखना बाकी है।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल 

घटना पर जमकर सियासत हो रही है। लोगों ने पुलिस और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पलानीस्वामी हाल के दिनों में मुख्यमंत्री विजय पर भड़के हैं। वह आए दिन, राज्य में हो रही हिंसा को लेकर सरकार से सवाल कर रहे हैं।