दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके मुनीरका में एक डिलीवरी बॉय ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले अपने दोस्त को फोन कर हत्या की बात कबूल की और फिर उससे शव ठिकाने लगाने में मदद मांगी। रोचक बात यह है कि इस शख्स ने जिस दोस्त से मदद मांगी थी उसी ने पूरा मामला पुलिस को बता दिया। इस तरह मदद मांगना भारी पड़ गया और आरोपी की गिरफ्तारी की वजह भी बना। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।   

 

पुलिस के मुताबिक, उन्हें 2 अगस्त को किशनगढ़ थाने में 112 पर एक कॉल पर इसकी सूचना मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि उसके दोस्त ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और अब वह शव को ठिकाने लगाने के लिए उसकी मदद मांग रहा है। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मुनीरका के पाल डेयरी इलाके पहुंची। वहां कॉल करने वाले ने आरोपी डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अनुराग उर्फ अभिषेक की पहचान की। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शिकायत करने वाले आरोपी के दोस्त ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। 

 

यह भी पढ़ें: 'भाई मानती थी छात्रा...', चंडीगढ़ में बॉयफ्रेंड के दोस्त ने होटल बुलाकर किया रेप

 

आरोपी के दोस्त ने क्या बताया? 

दोस्त ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसे अनुराग का घबराहट भरा फोन आया। उसने कहा कि एक जरूरी काम है और तुरंत उसके घर पहुंचो। रात करीब 9:45 बजे एक पैसेंजर को छोड़ने के बाद वह मुनिरका में अनुराग के घर पहुंचा। वहां अनुराग गली के बाहर उसका इंतजार कर रहा था। दोस्त के मुताबिक, अनुराग ने उससे कहा कि उसने अपनी पत्नी की पिटाई की है क्योंकि वह किसी दूसरे व्यक्ति से बात करती थी। इसके बाद वह उसे तीसरी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में ले गया। वहां उसने देखा कि अनुराग की पत्नी कनिका बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थी और उसकी मौत हो चुकी थी। डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अनुराग ने 2023 में कनिका से शादी की थी। कनिका के पिता ऑटो-रिक्शा ड्राइवर हैं और परिवार दिल्ली में रहता है।

 

दोस्त ने बताया कि अनुराग ने उसे मुनिरका स्थित अपने घर बुलाया और कनिका की लाश को ठिकाने लगाने में मदद मांगी, अनुराग ने उसका फोन भी ले लिया था। यह कहकर कि उसका अपना फोन खराब हो गया है और उसे कॉल करना है। फिर उसने फोन वापस नहीं दिया। अनुराग ने अपने दोस्त से JNU रोड और संजय वन के आस-पास गाड़ी चलवाई ताकि लाश फेंकने के लिए कोई जगह मिल सके, जबकि दोस्त लगातार पुलिस को सूचना देने की बात कहता रहा।

 

यह भी पढ़ें: 'नशे में मेरा कपड़ा फाड़ने लगे', महिला ने BJP MLA विनोद सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

मौका मिलते ही पुलिस को किया कॉल

दोस्त काफी देर तक फंसा हुआ महसूस कर रहा था, उसे समझ नहीं आ रहा था कि पुलिस को कैसे सूचित करे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसका मोबाइल फोन अनुराग के पास था और वह ऐसा कुछ नहीं करना चाहता था जिससे आरोपी भागने की कोशिश करे। बाद में दोस्त ने एक योजना बनाई। उसने सुझाव दिया कि वे अगले कदम पर चर्चा करने के लिए मुनिरका में उसके घर चलें। घर पहुंचने पर, दोस्त ने अनुराग से अपना फोन वापस मांगा ताकि वह अपनी मां को गेट खोलने के लिए फोन कर सके। फोन वापस मिलने के बाद, वह ऊपर गया और पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया।

 

शिकायत मिलते ही पुलिस अनुराग के घर पहुंच गई। अनुराग को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस को घर में कनिका की लाश खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांचकर्ताओं ने कीलों वाली लकड़ी की एक टूटी हुई छड़ी और एक टेबल स्टैंड बरामद किया है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर कनिका पर हमला करने के लिए किया गया था।