उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के कथित घरेलू हिंसा मामले पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर दोनों 22 साल तक साथ रहे तो इतने समय तक आरोप क्यों नहीं लगाए गए? धामी ने कहा कि किसी के आरोप लगाने भर से उनकी सच्चाई साबित नहीं हो जाती। मामले की जांच जरूरी है और कानून अपना काम कर रहा है।

 

धामी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए लगाए गए आरोपों से कोई व्यक्ति दोषी साबित नहीं हो जाता। उन्होंने यह भी कहा कि मामले से जुड़े ऑडियो की जांच हो रही है और इसकी जांच होनी भी चाहिए, क्योंकि यह संवेदनशील मामला है।

 

रेखा आर्य ने बीते 15 अक्तूबर सोशल मीडिया 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर कर अपने पति पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके पति ने उनको जान से मारने की कोशिश भी की थी। रेखा आर्य ने सभी महिलाओं से घरेलू हिंसा न सहने की अपील की थी।

 

रेखा ने वीडियो जारी कर अपने पति गिरधारी लाल साहू पर FIR भी दर्ज करवाई। वीडियो शेयर करने के बाद रेखा आर्य ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक ऑडियो भी जारी किया। इसमें ऑडियो में गिरधारी लाल कथित तौर पर अपने पत्नी के खिलाफ बोल हैं।

क्या बोले पुष्कर सिंह धामी?

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ‘देखिए, ऐसा है कि यह सब विषय जांच के हैं। लोग 22 साल तक साथ-साथ रहें, आज तक क्यों नहीं आरोप लगाए? यह प्रश्न है कि आज तक क्यों नहीं आरोप लगाए। किसी के आरोप लगाने से सत्यता तभी होगी, जब जांच होगी न। ऑडियो में बात करते हुए किसी का नाम आ जाता है क्या उसे मान लिया जाएगा? मामले की जांच जरूरी है और कानून अपना काम कर रहा है। राजनीतिक फायदे के लिए लगाए गए आरोपों से कोई व्यक्ति दोषी साबित नहीं हो जाता। मामले से जुड़े ऑडियो की जांच हो रही है और इसकी जांच होनी भी चाहिए, क्योंकि यह संवेदनशील मामला है।'

 

रेखा आर्य ने क्या आरोप लगाए?

उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर मारपीट, प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने महिलाओं से भी अपील की थी कि वे घरेलू हिंसा को चुपचाप न सहें। 

 

रेखा आर्य की शिकायत पर देहरादून में उनके पति के खिलाफ FIR दर्ज की गई। मंत्री ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की थी। उनका दावा था कि इसमें उनके पति की बातचीत है, जिसमें कथित तौर पर उन्हें नुकसान पहुंचाने की बात की गई है। हालांकि, ऑडियो की प्रामाणिकता जांच का विषय है।

 

यह भी पढ़ें: 'सनातन में लौट रही हूं', हिंदू बनेंगी नाजिया इलाही, नंद किशोर गुर्जर देंगे गोत्र

पति ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

रेखा आर्य के आरोपों के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू ने भी एक वीडियो जारी किया था। इसमें उन्होंने मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया और जांच की मांग की। उन्होंने रेखा आर्य की ओर से लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया था। साहू ने ऑडियो रिकॉर्डिंग को फर्जी और AI से तैयार बताया था। हालांकि, उनके भ्रष्टाचार संबंधी आरोपों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से कोई दस्तावेजी सबूत सामने नहीं आया था। इस तरह मामले में दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: बिहार के गंगौर में कर्ज चुकाने के लिए मामा ने भांजे को 1.80 लाख रुपये में बेचा

मामले की जांच कर रही SIT

मामले की जांच के लिए उत्तराखंड पुलिस ने एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है। टीम ने रेखा आर्य का बयान दर्ज किया है और उनसे संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी ली है। पुलिस के मुताबिक, ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाना है।फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है।