हरियाणा के गुरुग्राम में एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जहां एक कार ने 4 लोगों को कुचल दिया, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। यह कार दिल्ली विश्वविद्यालय का एक छात्र द्वारका एक्सप्रेसवे पर चला रहा था। छात्र यह कार बेहद तेज रफ्तार में चला रहा था, जिस वजह से कार अनियंत्रित हो गई। इसी कारण कार ने सड़क पर मौजूद 4 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। साथ ही, पुलिस ने 2 मृत लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह मामला गुरुवार की रात को लगभग 2:30 बजे हुआ। इस हादसे की वजह से सड़क पर कार चलाने वाला ड्राइवर भी घायल हो गया। पुलिस की जांच-पड़ताल के अनुसार, कार चालक की पहचान 20 साल के वेदान खन्ना के रूप में हुई है। इस घटना में मरने वाले दो लोगों की पहचान बुलंदशहर के रहने वाले बिजेंद्र और पप्पू सिंह के तौर पर हुई है। जबकि दो घायल लोगों के नाम सतीश चंद और राम कुमार हैं, जो इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।
यह भी पढ़ें: DUSU चुनाव प्रचार के बीच हुई गोलीबारी और मारपीट, दो छात्र हुए घायल
कैसे हुआ यह हादसा?
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल के मुताबिक, वेदान खन्ना रात करीब 2 बजकर 30 मिनट पर गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ आ रहा था। तभी तेज रफ्तार में कार चलाने की वजह से कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार सड़क के किनारे काम कर रहे मजदूरों से टकरा गई। पुलिस की जांच-पड़ताल के मुताबिक, सड़क के किनारे कुछ मजदूर काम कर रहे थे। कार से कुचले जाने के बाद 4 मजदूर बुरी तरह घायल हुए, जिनमें से 2 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी 2 मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनकी हालत अभी गंभीर है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के BJP MLA ने अपने ही कार्यकर्ता को रातभर पीटा, भारी बवाल
पुलिस की शुरुआती जांच-पड़ताल के मुताबिक, कार चलाने वाला वेदान गुरुग्राम के सेक्टर 110 स्थित इंडियाबुल्स एनिग्मा का रहने वाला है। वेदान को भी इस हादसे में चोट लगी थी, इसलिए इलाज के लिए उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया।पुलिस ने वेदान की कार को जब्त किया है। इसके अलावा, पुलिस गंभीरता से इस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। फिलहाल इस मामले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है।
