पंजाब में आज इनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) की रेड से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ईडी ने कथित जमीन धोखाधड़ी मामले में कुछ बिल्डर और रियल एस्टेट कंपनियों के खिलाफ धनशोधन जांच के तहत पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर आज छापे मारे। ईडी की एक टीम ने मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी सेक्टर में काम करने वाले एक व्यक्ति के घर पर भी छापा मारा। टीम को आता देख किसी ने रिहायशी टावर की नौवीं मंजिल से कैश से भरा एक बैग नीचे फेंक दिया, जो पहले से नीचे गाड़ी लेकर खड़े ड्राइवर ने उठा लिया। ईडी की टीम ने बैग को पकड़ लिया है। बताया जा रहा है कि जिन ठिकानों पर रेड पड़ रही है वे पंजाब के सीएम भगवंत मान के ओएसडी के ठिकाने हैं।
जब ईडी की रेड की जानकारी मिली तो नौंवीं मंजिल से पैसों से भरा बैग नीचे फेंका गया। हालांकि, टीम की नजर इस पर पड़ गई और टीम के सदस्यों ने पीछा कर बैग लेकर भाग रहे ड्राइवर को पकड़ लिया और बैग से लगभग 21 लाख रुपये नकद बरामद किए। मामले की जांच चल रही है। ईडी के अधिकारियों ने अभी तक कोई जानकारी शेयर नहीं कि हैं लेकिन स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि जिन ठिकानों पर छापेमारी हो रही है वे पंजाब के सीएम के करीबी लोगों के ठिकाने हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता और प्रताप सिंह बाजवा ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला।
यह भी पढ़ें: आम, अनरसा, खाजा और नमो 108 फूल, वियतनाम के राष्ट्रपति को मिले अनोखे गिफ्ट
21 लाख रुपये बरामद
बताया जा रहा है कि ईडी की टीम ने 21 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। हालांकि, अभी ईडी की और से आधिकारिक बयान का इंतजार है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रेड के दौरान अचानक फ्लैट की ऊपरी मंजिल से दो बैग नीते फेंके गए। बैग गिरते ही उनमें से 500-500 के नोट सोसायटी में बिखर गए। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं जिनमें पैसों से भरा बैग दिखाई दे रहा है।
सीएम से कैसे जुड़ा नाम?
अधिकारियों ने बताया कि मोहाली और चंडीगढ़ में सनटेक सिटी परियोजना, अजय सहगल, एबीएस टाउनशिप्स, अल्टस बिल्डर्स, धीर कंस्ट्रक्शंस और उनके सहयोगियों से जुड़े करीब 12 स्थानों पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में छापेमारी की। उन्होंने बताया कि एजेंसी नितिन गोहल नामक व्यक्ति की भी तलाश कर रही है। नितिन गोहिल का का संबंध पंजाब के सीएम भगवंत मान के विशेष कार्याधइकारी (OSD) राजबीर घुमन से है।
ईडी की जांच में यह सामने आ रहा है कि कुछ ठिकानों पर नियमों के अनुसार, GMADA की फीस का भुगतान नहीं किया गया था। आरोप यह भी है कि इस मामले में राजनीतिक संरक्षण का इस्तेमाल किया गया और नियमों को दरकिनार किया गया।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के अधिकारियों के करीबी लोगों पर इस ईडी के रेड के बाद सरकार और सीएम भगवंत मान विपक्ष के निशाने पर आ गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ईडी के छापों की रिपोर्ट और साथ में एक ऐसे व्यक्ति के घर से हवा में उड़ते कैश के विज़ुअल्स ने जो सत्ता के बहुत करीब हैं। उन लोगों के झूठ को तोड़ दिया है जो खुद को कट्टर-ईमानदार बताते हैं। इससे लोगों की यह सोच और पक्की हो गई है कि आम आदमी पार्टी के पिछले चार सालों के राज में पंजाबियों को कैसे लूटा गया है।'
यह भी पढ़ें: पहले CM पद, अब मंत्रिमंडल में मजबूत हुई BJP, बिहार में कौन-कौन बना मंत्री?
प्रताप सिंह बाजवा ने की जांच की मांग
पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने ईडी की इस कार्रवाई को लेकर चंडीगढ़ में स्थित अपने घर पर पत्रकारों से बातचीत की और सरकार को घेरा। प्रताप सिंह बाजवा ने सीएम भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा, 'वह तो कहते थे कि वह अपने पास पैसा नहीं रखते हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें तो यह भी नहीं पता कि 500 और 2000 के नोट के रंग का भी नहीं पता। अब पता चल गया है कि उन्हें पैसों का रंग देखने की जरूरत ही नहीं पड़ी।' उन्होंने कहा कि ईडी को इस मामले में गंभीरता से जांच करनी चाहिए और यह पैसा कहां से आया इसके अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसे भी गिरफ्तार करना चाहिए।
उन्होंने बीजेपी और आम आदमी पार्टी पर नूरा कुश्ती का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर ईडी इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई करती है तो ठीक है नहीं तो साफ हो जाएगा कि बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक दूसरे के साथ मिलकर नूरा कुश्ती कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि इल मामले में कार्रावई होती है या फिर इन दोनों के बीच कोई डील होती है।
