उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल डंपर के नीचे फंस गई। चालक रुकने के बजाय करीब 150 मीटर तक बाइक को घसीटते ले गया। हादसे में बाइक पर सवार महिला और उसकी 14 वर्षीय बेटी समेत तीनों लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक हादसा बुधवार दोपहर करीब एक बजे हुसैनगंज थाना क्षेत्र में चांदीपुर और सरैला गांवों के बीच हुआ। असनी गांव निवासी सौरभ मौर्य (23) मोटरसाइकिल से जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ शबनम (38) और उनकी बेटी इल्मा (14) भी सवार थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

डंपर के नीचे फंसी बाइक, 150 मीटर तक घिसटती रही

टक्कर के बाद मोटरसाइकिल डंपर के नीचे फंस गई। इसके बाद डंपर उसे करीब 150 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक काफी दूर तक वाहन के नीचे फंसी रही। दुर्घटना में सौरभ, शबनम और उनकी बेटी इल्मा की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

 

यह भी पढ़ें: '10 लाख दो, नहीं तो टेंडर रद्द...', 3 लाख की रिश्वत लेते बिहार का अधिकारी अरेस्ट

शादी समारोह में शामिल होने जा रही थीं मां-बेटी

बताया गया कि शबनम अपनी बेटी इल्मा के साथ परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बहुआ गांव जा रही थीं। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा। परिवार में शादी की तैयारियों के बीच तीन लोगों की मौत की खबर पहुंची तो खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

हादसे के बाद डंपर छोड़कर भागा चालक

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। तीन लोगों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम करने की कोशिश की। इससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

 

यह भी पढ़ें: बैंक में मदद का झांसा, असली नोट लेकर थमाते थे कागज; मुठभेड़ में 3 गिरफ्तार

तीनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहनों से सड़क पर होने वाले जानलेवा हादसों की चिंता बढ़ा दी है। एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों की जिंदगी कुछ पलों में खत्म हो गई और परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।