दिशा सालियान मौत मामले में आदित्य ठाकरे के बयान के एक दिन बाद उनके पिता और शिवसेना (UBT) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में उनके परिवार के खिलाफ चरित्र हनन अभियान चलाया जा रहा है। चेतावनी दी कि अगर यह अभियान नहीं रोका तो कानूनी कार्रवाई करेंगे। 

 

उद्धव ठाकरे का बयान सीबीआई की एफआईआर के बाद आया है। हालांकि एफआईआर में किसी भी आरोपी का नाम नहीं है। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

 

यह भी पढ़ें: 'UPI टैक्स पर कोई चर्चा नहीं हुई', समर्थन वाले दावे पर बोले कांग्रेस सांसद

 

उद्धव ठाकरे ने कहा, 'दिशा सालियन की मौत के मामले में उनके परिवार या पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। इस मामले का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जा रहा है। बार-बार लगाए जा रहे आरोप मानहानि के समान हैं। जरूरत पड़ने पर कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा।'

 

 

 

 

उद्धव ठाकरे ने आगे कहा, 'इस मामले से हमारा कोई संबंध नहीं है। आदित्य भी यह कह चुके हैं। यह मुद्दा सिर्फ मेरे बारे में नहीं है। इस तरह का चरित्र हनन आप लोगों के साथ भी हो सकता है।' तंज भरे लहजे में उद्धव ने आगे कहा, 'अगर इस तरह के आरोप लगातार लगाए जाते हैं तो कोई कब तक इसे बर्दाश्त करेगा? मुझे हैरानी है कि इस मामले में मोदी और ट्रंप के नाम क्यों नहीं हैं।'

आदित्य ठाकरे ने क्या कहा था?

एक दिन पहले यानी बुधवार को विधायक आदित्य ठाकरे भी पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था, 'मैं कभी दिशा सालियान से नहीं मिला और न ही उन्हें जानता था। इस दुखद मामले में मेरा नाम जोड़ना कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक और निजी हितों के कारण लगभग छह साल से किया जा रहा एक जानबूझकर और बिना सबूत वाला चरित्र हनन अभियान है।'

आदित्य ठाकरे के बयान पर क्या होले दिशा के पिता?

दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया दी। सतीश ने आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे ने अपराध किया है। उन्होंने कहा, 'मैं पिछले चार साल से उनका नाम ले रहा हूं। तब उन्होंने कुछ नहीं कहा था। एफआईआर दर्ज होने के बाद ही वे क्यों बोल रहे हैं? उन्होंने अपराध किया है। पुलिस और CBI उन्हें पकड़कर मामले को आगे बढ़ाएगी। अब मुझे कोई टेंशन नहीं है; जो भी जरूरी होगा, वे करेंगे। अब मैं इसके बारे में चिंता नहीं करूंगा। इसमें शामिल लोगों के बारे में सब जानते हैं। वानखेड़े का बयान है और मोबाइल टावर लोकेशन का डेटा भी सामने आया है। इसके अलावा हमारे पास सबूत, फोटो, वीडियो सब कुछ है। सही समय आने पर सब कुछ सामने आ जाएगा।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: बिहार में इंजीनियर सत्येंद्र चौधरी पर विजिलेंस का शिकंजा, पटना-पूर्णिया में छापा

क्या है दिशा सालियान की मौत का मामला?

8 जून 2020 को दिशा सालियान की मौत मुंबई के मलाड इलाके में 12वीं मंजिल से गिरकर हुई थी। छह दिन बाद ही 14 जून 2020 को फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत भी अपने बांद्रा स्थित आवास में मृत मिले थे। इसके बाद लोगों ने दोनों की मौत को आपस में जोड़ना शुरू कर दिया था, क्योंकि दिशा सालियान सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। मुंबई पुलिस ने अपनी जांच में दिशा सालियान की मौत को आत्महत्या माना। हालांकि पिता सतीश सालियान की याचिका पर 2 सितंबर को बॉम्बे हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया।