उत्तर प्रदेश में एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की जान चली गई। हादसा अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में हुआ। सेना की एक एंबुलेंस सूबेदार-मेजर का शव लेकर जा रही थी। तभी रास्ते में एंबुलेंस एक खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में परिवार के तीन सदस्य और ड्राइवर की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चंडीगढ़ में सूबेदार मेजर सत्यवान का निधन हो गया। इसके बाद परिवार उनके शव को देवरिया स्थित पैतृक गांव ला रहा था। तभी अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास हलियापुर इलाके में एंबुलेंस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे, भाई, भतीजे और एंबुलेंस चालक की जान चली गई।
यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर: महिला पत्रकारों ने पुलिस अधिकारी पर लगाया यौन हमले का आरोप
बेटे, भाई और भतीजे की मौत
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सूबेदार मेजर के बेटे गौरव सिंह (28), एंबुलेंस चालक जसपाल (30) की मौके पर ही मौत हो गई। सूबेदार मेजर के भाई राजन चौधरी और भतीजे राम समुझ सिंह ने अयोध्या जिले के एक अस्पताल में दम तोड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: सोसाइटी में बिना कपड़ों के जख्मी हालत में मिला छात्र, इलाज के दौरान हुई मौत
पूरे गांव में मचा कोहराम
पुलिस ने बताया कि सूबेदार मेजर सत्यवान देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र के गलिया दुधैला गांव के रहने वाले थे। मौत की खबर से पूरे गांव में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूबेदार मेजर के शव को थाने में रखा गया है।
