बिहार के गयाजी जिले में कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की जान चली गई। एक दमकलकर्मी भी जहरीली गैस की चपेट में आया है। हालांकि बाद में से होश आ गया। सभी चारों शवों को बाहर निकाल लिया गया है। बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने हादसे पर शोक जताया और पीड़ित परिवारों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया। पुलिस के मुताबिक घटना गयाजी जिले के डोभी थाना क्षेत्र के गढ़ करमौनी गांव की है।

पुलिस ने क्या बताया?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सुशील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी लोगों की मौत की जानकारी मिली है। मृतकों की पहचान चमारी मांझी, उनके बेटे दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के तौर पर हुई है। 

 

यह भी पढ़ें: सिंधु जल संधि से ऑपरेशन सिंदूर तक, पाकिस्तान को राष्ट्रपति मुर्मू का कड़ा संदेश

खराब मोटर बनाने उतरे थे

ग्रामीणों ने बताया कि मोटर खराब हो गई थी। सबसे पहले चमारी मांझी कुएं में उतरे। मगर काफी देर बाद तक बाहर नहीं लौटे तो बेटा दिलचंद मांझी भी नीचे उतर गया। दिलचंद की भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर विकास और बाद में विजय चौधरी कुएं में उतरे। सभी की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई।

 

 

 

एक दमकलकर्मी की भी बिगड़ी तबीयत

ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने बचाव अभियान चलाया। दमकलकर्मी अजीत कुमार भी जहरीली गैस की चपेट में आने के बाद बेहोश गए। हालांकि अब उनकी हालत ठीक है। पुलिस और दमकल की टीमों ने सभी शवों को बाहर निकाल लिया है। 

 

यह भी पढ़ें: 'गांधी सरनेम और ऐसा शर्मनाक बयान', PM मोदी को लेकर राहुल पर बरसे राजनाथ सिंह

सीएम ने हादसे पर जताया शोक

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया। सीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'गया के डोभी प्रखंड के करमौनी गांव में कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस अपूरणीय क्षति पर शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।'

 

सीएम ने आगे लिखा, 'मृतकों के आश्रितों को अविलंब 4-4 रुपये लाख की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने एवं प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।'