उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर में स्कूल में बेटी को सजा देने से नाराज पिता ने जमकर हंगामा किया। कक्षा छह की छात्रा को स्कूल देर से पहुंचने पर ‘मुर्गा’ बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद पिता स्कूल पहुंचा। यहां प्रिंसिपल से पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पिता ने प्रिंसिपल को थप्पड़ मारे, उनकी शर्ट फाड़ दी और स्कूल में तोड़फोड़ भी की। घटना के बाद प्रिंसिपल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला गोरखपुर के गोला क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय खिरकिटा दुबे का बताया जा रहा है। यहां कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा के स्कूल देर से पहुंचने पर उसे अनुशासन के नाम पर ‘मुर्गा’ बनाया गया था। स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा ने अपने पिता दिलीप कुमार को पूरी घटना बताई।बेटी की बात सुनने के बाद पिता गुस्से में स्कूल पहुंच गया। उसने प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार से छात्रा को सजा दिए जाने को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
यह भी पढ़ें: मंदिर में तीसरा फेरा होते ही पहुंचे लड़की के घरवाले, लड़का-लड़की को ले गई पुलिस
कहासुनी के बाद प्रिंसिपल से मारपीट का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पिता ने प्रिंसिपल के साथ मारपीट शुरू कर दी। प्रिंसिपल को थप्पड़ मारे गए और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। स्कूल परिसर में हंगामा होने से वहां मौजूद शिक्षक और दूसरे कर्मचारी भी सकते में आ गए। शिक्षकों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। प्रिंसिपल का आरोप है कि मारपीट के साथ स्कूल में तोड़फोड़ भी की गई और सामान को नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें: पेट में लड़की बताकर खिला दी गोली, गर्भपात के बाद निकला लड़का; आशा बहू गिरफ्तार
प्रिंसिपल की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट
प्रिंसिपल जितेंद्र कुमार की तहरीर के आधार पर गोला थाने में आरोपी दिलीप कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिकायत में मारपीट, कपड़े फाड़ने और स्कूल में तोड़फोड़ किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।गोला पुलिस के मुताबिक, प्रिंसिपल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल में छात्रा को दी गई सजा के बाद शुरू हुआ यह विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। एक तरफ छात्रा को सजा देने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर प्रिंसिपल के साथ मारपीट और स्कूल में तोड़फोड़ के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
