गुजरात के अहमदाबाद में हत्या के एक दोषी को पैरोल पर जेल से बाहर आने के 12 साल बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जेल वापस लौटने के बजाय लगातार अपना नाम और ठिकाना बदलकर छिपता रहा। इस दौरान उसने बॉलीवुड फिल्मों, वेब सीरीज और गुजराती नाटकों में छोटे-मोटे किरदार भी निभाए। अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने बुधवार को एक मेट्रो स्टेशन के पास से 53 वर्षीय हेमंत मोदी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पहचान छिपाने के लिए अलग नाम से रह रहा था। इस दौरान, वह फिल्मों में अमिताभ बच्चन, आमिर खान और रणवीर सिंह जैसे अभिनेताओं के साथ भी काम कर रहा था।

 

पुलिस के मुताबिक, हेमंत मोदी के खिलाफ वर्ष 2005 में अहमदाबाद में हत्या और दंगा करने का मामला दर्ज हुआ था। पार्श्वनाथ इलाके में अवैध सीढ़ियों को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि हेमंत मोदी, उसके भाई और अन्य लोगों ने अजय पटेल और उनके दोस्त नरेंद्र कांबले पर हमला किया था। इस झड़प में नरेंद्र कांबले की मौत हो गई थी। बाद में अदालत ने अगस्त 2008 में हेमंत मोदी समेत सभी दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

 

यह भी पढ़ें: किशनगंज में आधी रात एनकाउंटर! पुलिस की गोली से घायल हुआ चिंटू गैंग का सरगना

पैरोल पर बाहर आया, फिर नहीं लौटा जेल

पुलिस ने बताया कि मेहसाणा जिला जेल में सजा काट रहे हेमंत मोदी को वर्ष 2014 में गुजरात हाईकोर्ट ने 30 दिन की पैरोल दी थी लेकिन तय समय खत्म होने के बाद वह जेल वापस नहीं लौटा। इसके बाद जुलाई 2014 में अदालत ने उसे फरार घोषित कर दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने कई बार ठिकाने बदले। पहले वह गुजरात के पाटन जिले में रहा और बाद में 'ट्विंकल दवे' नाम से अहमदाबाद में रहने लगा।

बॉलीवुड फिल्मों में करता रहा काम

पुलिस के अनुसार, हेमंत मोदी 2017 तक अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में काम करता रहा। इसके बाद वह मुंबई चला गया, जहां उसने फिल्मों और वेब सीरीज में सहायक अभिनेता के तौर पर काम शुरू कर दिया। जांच में सामने आया कि उसने हिंदी और गुजराती फिल्मों के अलावा नाटकों में भी काम किया।

 

यह भी पढ़ें: 15 साल की बेटी को 6 टुकड़ों काटा, पिता ने प्रेम विवाह के शक में मार डाला

 

पुलिस के मुताबिक, वह फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान में अमिताभ बच्चन और आमिर खान के साथ नजर आया था। इसके अलावा उसने जयेशभाई जोरदार में रणवीर सिंह के साथ भी काम किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसे मेहसाणा जिला जेल भेजा जाएगा, जहां वह अपनी बाकी सजा पूरी करेगा।