हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन दौरे के दूसरे दिन कई प्रमुख निवेशकों और विशेषज्ञों से मुलाकात की। इन बैठकों में शहरों के विकास, लोगों की जीवनशैली बेहतर बनाने और सरकारी सुविधाओं को मजबूत करने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में शहरों को बेहतर और टिकाऊ बनाने के लिए स्वीडन के अनुभवों से सीखने पर जोर दिया।

 

मुख्यमंत्री की आज की बैठकों में ‘सिंबियोसिटी’ मॉडल के आधार पर शहरों के विकास पर भी विचार किया गया। इस मॉडल के तहत शहरों को इस तरह विकसित करने पर जोर है, जिससे लोगों की जरूरतों का ध्यान रखा जा सके और विकास लंबे समय तक टिकाऊ रहे। इसके अलावा संचार, जनसंपर्क और नीतियों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

 

यह भी पढ़ें: SIR पर देशभर में मचे बवाल के बीच चुनाव आयोग ले आया SSR, समझिए क्या है यह

 

शहरी विकास पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण तकनीक और टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में काम करने वाले निवेशकों से भी बातचीत की। उन्होंने स्वीडन में इस्तेमाल किए जाने वाले ट्रीटेड वॉटर यानी साफ किए गए गंदे पानी को दोबारा उद्योगों और दूसरे कामों में इस्तेमाल करने की व्यवस्था को समझा। इसके साथ ही कचरे के निस्तारण, जैविक कचरे के उपयोग और रीसाइक्लिंग की आधुनिक तकनीकों पर भी चर्चा हुई। इन तकनीकों को हरियाणा में अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

 

फ्रॉड मोबाइल कॉल समस्या पर बातचीत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फ्रॉड मोबाइल कॉल की समस्या से निपटने के लिए स्वीडन के निवेशकों और विशेषज्ञों को हरियाणा पुलिस की साइबर यूनिट के साथ मिलकर काम करने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा और लोगों की सुरक्षा के क्षेत्र में दूसरे देशों के विशेषज्ञों के साथ सहयोग करने से हरियाणा को फायदा हो सकता है।

 

यह भी पढ़ें: 'पिज्जा से ज्यादा तेजी से चिट्टा पहुंच रहा', AAP और BJP पर भड़के सचिन पायलट

 

निवेशकों को किया आमंत्रित

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वीडन की आधुनिक तकनीक, पर्यावरण को ध्यान में रखकर विकास करने के तरीके और लोगों की जरूरतों पर आधारित योजनाएं हरियाणा के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं। उन्होंने निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने और तकनीकी सहयोग बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया।