एशियन गेम्स 2026 में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल का मान बढ़ाने वाली प्रदेश की बेटियों पर मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने बड़ा इनाम घोषित किया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने सोमवार को महिला कबड्डी टीम की स्वर्ण पदक विजेता पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को एक-एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देने के साथ सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान तीनों खिलाड़ियों को हिमाचली टोपी और शाल पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन बेटियों की उपलब्धि से पूरे हिमाचल का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। सरकार जल्द ही इनके सम्मान में समारोह आयोजित कर पुरस्कार राशि प्रदान करेगी।
नौकरी में भी मिलेगा विकल्प
सरकार ने खिलाड़ियों के लिए नौकरी का विकल्प भी खुला रखा है। मुख्यमंत्री के अनुसार जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में नौकरी नहीं करना चाहेंगी, उन्हें खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी। नियुक्ति खिलाड़ियों की योग्यता और उपलब्धियों के आधार पर की जाएगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी सरकार ने एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा रही रेणुका का नाम पहले राज्य की घोषित पुरस्कार सूची में नहीं था, जिसको लेकर सवाल उठे थे। अब मुख्यमंत्री ने उन्हें भी सम्मान राशि देने का ऐलान किया है।
पहले 33-33 लाख की घोषणा, अब बढ़ा सम्मान
इससे पहले सरकार ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ियों के लिए 33-33 लाख रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की थी। पुरस्कार राशि को लेकर उठे सवालों के बीच अब पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर के लिए एक-एक करोड़ रुपये का बड़ा पैकेज घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री के इस ऐलान को हिमाचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में 7 अक्टूबर को खुलेगा नौकरी का पिटारा? कैबिनेट में 4600 पदों पर नजर
तीनों खिलाड़ियों को क्या मिला?
- पुष्पा राणा – एक करोड़ रुपये सम्मान राशि
- ज्योति ठाकुर – एक करोड़ रुपये सम्मान राशि
- भावना ठाकुर – एक करोड़ रुपये सम्मान राशि
रेणुका ठाकुर को भी बड़ा सम्मान
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार गेंदबाज रेणुका ठाकुर को भी हिमाचल सरकार एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देगी। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम में रेणुका हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर रही थीं। सरकार के इस फैसले से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
