हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक कार गहरी खाई में गिर गई जिसमें सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परिवार अपनी छोटी बच्ची का इलाज कराकर चंडीगढ़ से घर लौट रहा था। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

 

यह दुर्घटना भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ इलाके के पास सोमवार देर रात हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद खाई से सभी शवों को बाहर निकाला गया। प्रशासन के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। वे अपनी बच्ची का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में कराने के बाद वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति की जान नहीं बच सकी।

 

यह भी पढ़ें: पत्नी की विदाई करने से इनकार कर रहा था ससुर, दामाद ने रेत दिया गला

बारिश और फिसलन बनी हादसे की वजह

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे के समय इलाके में लगातार बारिश हो रही थी। इसके साथ ही घना कोहरा और सड़क पर फिसलन भी थी। माना जा रहा है कि इन्हीं कारणों से ड्राइवर कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी खाई में जा गिरी। हालांकि हादसे की सही वजह का पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

 

यह भी पढ़ें: 'पैसे दो वरना परिवार खत्म', बिहार में मंत्री के बेटे को ही दे डाली धमकी

 

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक जनक राज ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि बनीखेत के लाहड़ इलाके में सड़क हादसे में गैहरा के पांच लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान पहाड़ी इलाकों में यात्रा करते समय पूरी सावधानी बरतें। खराब मौसम में बिना जरूरी काम के सफर करने से बचना चाहिए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।