देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है और कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा है। इसके चलते स्कूलों में छुट्टी की जा रही है और लोगों को बचने की सलाह दी जा रही है। इस बीच केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक बयान वायरल हो गया है। रविवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक जनसभा के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाई और कहा कि गर्मी से बचने के लिए वह अपनी जेब में प्याज रखते हैं। सिंधिया ने यह भी कहा कि वह एसी में नहीं बैठते और अपनी गाड़ी में भी एसी नहीं चलाते हैं।

 

शनिवार और रविवार को शिवपुरी-कोलारस प्रवास पर पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने बदरवास में अडाणी फाउंडेशन के जैकेट फैक्ट्री का उद्घाटन किया और 2500 करोड़ का डिफेंस प्रोजेक्ट लगाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि टमाटर के लिए मशहूर कोलारस को अब हथियार बनाने के लिए भी जाना जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: 'ट्रंप पर गोली चलनी ही थी, भारत में भी ऐसा मूड', कांग्रेस नेता के बयान पर हंगामा


क्या बोले ज्योतिरादित्य सिंधिया?

शिवपुरी में सभा को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा, 'ढाई घंटा खड़ा रहना, पसीना टपकना, इसमें काम करना आसान नहीं है। मैं तो हमेशा कहता हूं कि मेरा जितना पसीना टपकता है, उतना ज्यादा मजा मुझे आता है। ना मेरी गाड़ी में एयर कंडीशन चलता है, ना मैं एसी के एन्वायरनमेंट में रहता हूं। लोग मुझसे पूछते हैं कि मई-जून की गर्मी में, 51 डिग्री में कैसे रहते हैं तो मैं कहता हूं कि यह चंबल की चमड़ी है।'

 

यह भी पढ़ें: UP-बिहार समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट, रात तक गर्मी से मिल सकती है राहत

 

 

सिंधिया ने आगे कहा, 'दूसरी बात बताऊं, मैं थोड़ा जवान दिखता हूं लेकिन मेरी आत्मा थोड़ी बूढ़ी है।' इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से एक प्याज निकालकर दिखाई और कहा, 'जेब में प्याज ले जाओ, तुमको कुछ नहीं होने वाला है। आधुनिक युग में सभी डिब्बे लेकर घूम रहे हैं और संचार मंत्री प्याज लेकर घूम रहा है। पुरानी चीजें हैं। आयुर्वेद अब आगे बढ़ रहा है, इन चीजों को भी हमें नहीं भूलना चाहिए।'

 

गर्मी और बढ़ने के बारे में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, 'जून के महीने में 51 डिग्री भी होगा तो सिर पर पट्टा लगाओ और जेब में प्याज डालो। ये देखो दादा के पॉकेट में भी प्याज है। यही तो हुई बात। इसलिए मैं कहता हूं कि सिंधिया परिवार हमेशा जनता के साथ जुड़ा रहा है। यही हमारा-आपका रिश्ता है।'