भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे, मुंबई के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र की पहचान साहिल वाकोडे के रूप में हुई है। वह एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में पढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही वह परीक्षा हॉल में मोबाइल पर चैटजीपीटी से जवाब मांगते हुए हुए पकड़ा गया था। हालांकि, संस्थान का कहना है कि इसपर छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी।
साहिल की मौत के बाद कैंपस में छात्रों के बीच आक्रोश बढ़ गया। देर रात तक कैंपस में 400 से ज्यादा छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बीच मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: पति से झगड़ा सुलझाने ऑफिस बुलाया, फिर किया गैंगरेप; पूर्व BJP विधायक पर FIR दर्ज
संस्थान ने क्या बताया?
संस्थान के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार की है, दिन में परीक्षा के दौरान साहिल को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। उसने सवाल का जवाब पाने के लिए परीक्षा का प्रश्न पत्र ChatGPT पर अपलोड किया था। हालांकि, इसपर छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी।
संस्थान का कहना है कि परीक्षा लेने वाले शिक्षक और विभागाध्यक्ष ने उससे बात की थी। उन्होंने उसे समझाया था और भरोसा दिलाया था कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर बुरा असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद साहिल अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया। बाद में वह अपने कमरे में मृत मिला।
कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन
छात्र की मौत की खबर सामने आने के बाद पवई कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि संस्थान ने घटना से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं रखी है। कई छात्रों का दावा है कि साहिल को एक साल के सस्पेंशन की धमकी दी गई थी। उनका कहना है कि अगर ऐसा होता तो उसे हॉस्टल खाली करके कैंपस के बाहर रहना पड़ता।
इससे उसकी चार साल की इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी पांच साल या उससे ज्यादा समय तक बढ़ सकती थी। हालांकि, अभी इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। IIT Bombay का कहना है कि छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने संस्थान से जवाबदेही, पारदर्शिता और घटना की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: भारत में चावल उत्पादन 10 साल के निचले स्तर पर, बाजारों पर कितना पड़ेगा असर?
पुलिस कर रही है मामले की जांच
DCP दत्तात्रेय नलावड़े ने बताया कि छात्र की मौत के बाद कुछ छात्रों ने प्रदर्शन किया और अपनी मांगें रखीं, IIT प्रशासन छात्रों से बातचीत कर रहा है और पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
