उत्तराखंड के रुड़की स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) में एक छात्र की मौत ने लोगों को परेशान कर दिया है। संस्थान के BS-MS प्रोग्राम (मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग) के सेकंड ईयर के छात्र आयुष राजोरिया की गुरुवार, 12 नवंबर की रात हॉस्टल के कमरे में मौत हो गई। आयुष मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस घटना  के बाद एक बार फिर से IIT जैसे संस्थानों में छात्रों पर ज्यादा दबाव का मुद्दा चर्चा में है। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे आयुष अपने दोस्तों से मिले थे। रात करीब 11 बजे एक दोस्त उनके कमरे पर पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद संस्थान के सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खुलवाया और आयुष को मृत पाया।

 

यह भी पढ़ें: वीजा मिला, फिर कैंसिल हुआ; नार्वे की पत्रकार ने अमित शाह को घेरा

 

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, नोट में आयुष ने अपनी जिंदगी का आनंद नहीं ले पाने की बात लिखी थी और किसी व्यक्ति को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया था। हालांकि, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

मेंटल हेल्थ को लेकर उठे सवाल

इस घटना के बाद छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आयुष एक साल से अधिक समय से संस्थान के वेलनेस सेंटर के संपर्क में थे और डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। ऐसे में यह घटना केवल एक छात्र की असामयिक मौत तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि उच्च शिक्षा संस्थानों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, काउंसलिंग और विद्यार्थियों को समय पर भावनात्मक सहयोग उपलब्ध कराने के मुद्दे भी उठाती है। आयुष की मौत के मामले में पुलिस की जांच रिपोर्ट तो फिलहाल नहीं आई है लेकिन छात्रों पर अत्यधिक मानसिक दबाव का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। 

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल से पहले फोन टैपिंग का आरोप, क्या है विवाद?

 IIT रुड़की ने क्या बताया?

इस घटना पर IIT रुड़की ने 13 नवंबर को आधिकारिक मीडिया स्टेटमेंट जारी कर गहरा दुख व्यक्त किया। संस्थान ने आयुष के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि घटना की परिस्थितियों की पुलिस जांच कर रही है और संस्थान अधिकारियों को हर संभव सहयोग दे रहा है। साथ ही परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और घटना से प्रभावित कैंपस समुदाय के सदस्यों को सहयोग देने की बात भी कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।