कभी सोशल मीडिया सेंसेशन रही कंटेंट क्रिएटर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी हत्या मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अमृतपाल सिंह मेहरों को दुबई से गिरफ्तार किया है। पुलिस अब अमृतपाल को पंजाब ले आई है। उसे काउंटर इंटेलिजेंस विंग OFTEC के जरिए चलाए गए एक अभियान में दुबई से भारत वापस लाया गया है।
कमल कौर 11 जून, 2025 को बठिंडा जिले के आदेश हॉस्पिटल के पार्किंग एरिया में एक कार के अंदर मृत पाई गई थी। बाद में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ था कि उसकी मौत गला घोंटकर की गई थी। इसमें शामिल कार लुधियाना में रजिस्टर्ड थी।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि अमृतपाल ने अपने साथियों जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रंजीत सिंह के साथ मिलकर कमल कौर की हत्या में शामिल थे। पुलिस पहले ही तीन सह-आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया है कि कमल कौर की हत्या होने के बाद अमृतपाल सिंह मेहरों दुबाई भाग गया था। अमृतपाल दुबई में काफी समय से था और पुलिस की निगाहों से बच रहा था। इसी बीच 7 फरवरी को बठिंडा की एक कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके बाद इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।
कमल कौर कौन थी?
कमल कौर को सोशल मीडिया पर कमल कौर भाभी के नाम से जाना जाता है। उनके इंस्टाग्राम पर 3.83 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। वह लगातार रील्स बनाकर अपने इंस्टाग्राम पर डालती थीं, जिसे उनके फैन्स देखा करते थे। वह जो कंटेंट इंस्टाग्राम पर डालती थी, उसको लेकर धमकियां मिलती थीं। लुधियाना की रहने वाली इन्फ्लुएंसर कमल अक्सर विवादों में बनी रहती थीं। कमल कौर अपनी मां, दो भाइयों और दो बहनों के साथ रहती थी।
