दिल्ली के आईपी एस्टेट इलाके में रविवार, 23 अगस्त को रात के करीब 9:30 बजे एक भीषण कार हादसे में 2 विधायक घायल हो गए हैं। यह हादसा तब हुआ जब लक्ष्मी नगर से आईटीओ की तरफ जा रही एक स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर तोड़ने के बाद बेकाबू कार सामने से आ रही कर्नाटक सरकार की बोर्ड लगी इनोवा गाड़ी से सीधे जा भिड़ी। इस हादसे में जिस इनोवा कार से टक्कर हुई, उसमें दिल्ली की किराड़ी विधानसभा सीट से विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पाटिल सवार थे।

 

हादसे में दोनों विधायकों समेत कई लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। वहीं, स्विफ्ट आशुतोष पांडे चला रहे थे, जिसमें उनकी पत्नी और दो बच्चे बैठे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस एक्सीडेंट में कुल 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया। 

 

यह भी पढ़ें: बेंगलुरु अस्पातल में बजे गाने, खूब पार्टी हुई, सोशल मीडिया पर मचा बवाल

आशुतोष पांडे के बयान से बदला एक्सीडेंट का एंगल

पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर से ITO की ओर जा रही कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर रेलिंग पार कर सामने से आ रही इनोवा से भिड़ गई। वहीं दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आशुतोष पांडे का कहना है कि वह ITO की रेड लाइट से दाहिने तरफ मुड़े, गाड़ी की स्पीड 20kmph के आसपास रही होगी। आसुतोष ने कहा कि मैं पुलिस हेडक्वाटर के पास पहुंचा था। पीछे से एक गाड़ी काफी स्पीड में आ रही थी। उसने सड़क का एंगल तोड़ते हुए मेरी गाड़ी को टक्कर मारी। 

आशुतोष ने आगे कहा कि इस हादसे में मेरी कार के एयरबैग खुल गए थे, इसलिए मुझे सिर्फ झटका लगा। मेरी गाड़ी हिट हुई थी, मैं खुद को संभालने में लगा था। दूसरी गाड़ी में कौन था, ये देख नहीं पाया। 

पुलिस कर रही है मामले की जांच

क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने वाहनों को हटाने और रास्ता साफ कराने में मदद की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की शुरुआती जांच शुरू की। फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक मामला सड़क दुर्घटना का है। पुलिस हादसे के सही कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।