हरियाणा के झज्जर जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक हिस्ट्रीशीटर ने अपनी पत्नी को घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना झज्जर जिले के बिरधाना गांव की है। आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है। आरोपी संजय पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
बताया जा रहा है कि संजय ने अपनी पत्नी अंजलि को घर के बाहर गोली मार दी है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक अंजलि की मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें: सलीम वास्तिक केस: दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, तीन दिन में दोनों मारे गए
आरोपी की तलाश में खंगाले जा रहे है CCTV
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) अनिल कुमार ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
हिस्ट्रीशीटर आरोपी पर पहले से केस
पुलिस के मुताबिक आरोपी संजय के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामला हत्या से जुड़ा हुआ है। सोमवार की घटना के बाद उसके खिलाफ एक और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते यह वारदात हुई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और अभी किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: गाय का मुंह पकड़कर खोल दिया और पिला दी शराब, वायरल वीडियो पर भड़के लोग
आरोपी की तलाश में कई टीमें तैनात
पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की हैं। इनमें सीआईए और स्पेशल स्टाफ की टीमें भी शामिल हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की जांच जारी है।
