उत्तराखंड के जोशीमठ में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 6 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हुआ है। इस हेलीकॉप्टर में 1 पायलट और 6 यात्री सवार थे, सभी की मौत हो गई है। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत कंपनी का था। इसमें सवार यात्री कर्नाटक के थे और पायलट दिल्ली के थे। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थीं। रेस्क्यू टीम अब मृतकों के शवों को वापस लाने के कार्य में जुट गई है। 

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस जगह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उसके आसपास की पहाड़ियों में हल्की बर्फबारी हो रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर चट्टान से टकराकर क्रैश हुआ। हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। 

 

यह भी पढ़ें: ‘वह नॉर्मल नहीं, उनको मानसिक इलाज की जरूरत’, नसीरुद्दीन शाह पर भड़के अशोक पंडित

क्रैश हेलीकॉप्टर का मलबा मिला, सभी शव बरामद  

नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (NDRF) की टीम ने क्रैश हुए हेलीकॉप्टर का मलबा खोज लिया है, इस हादसे में जान गवाने वाले सभी 6 लोगों के शव भी बरामद कर लिया गया है। हेलीकॉप्टर के शुरू में लापता होने की खबर मिली थी, जिसके बाद जिला प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हवाई सर्च टीमें भेजी गईं और चाईन गांव के पास धुआं देखा गया। हेलीकॉप्टर में सवार पांचों यात्री बेंगलुरु के थे, जबकि पायलट दिल्ली के थे। 

पायलट हिमांशु सभरवाल, 48, वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग के रहने वाले थे। पैसेंजर में प्रताप बी निंगाराजू, उम्र 41, अरुण सालुंके 44, सुधीर के 49, एचएस नटराज 51, और शंकर गौड़ा वीबी 39 सभी बेंगलुरु के रहने वाले थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सालुंके एक पुलिसवाले थे, और शंकरगौड़ा एक वकील थे। अब तक दूसरों के बारे में और जानकारी सामने नहीं आई है। 

कैसे हुआ हादसा? 

हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। इसके कुछ देर बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया। ट्रैकिंग सिस्टम पर भी हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई। यह हादसा जोशीमठ के पास चाई और थायंग गांव हाथी पर्वत क्षेत्र में हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान मौसम काफी खराब था और बर्फबारी हो रही थी, जिससे विजिबिलिटी बहुत कम हो गई थी। आशंका है कि हेलीकॉप्टर चट्टान से टकराकर क्रैश हुआ।  

'ट्रांस भारत एविएशन' के सभी हेलिकॉप्टर ग्राउंड किए गए

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रतीक जैन ने बताया कि यह हेलिकॉप्टर 'ट्रांस भारत एविएशन' का है। उन्होंने कन्फर्म किया कि एहतियात के तौर पर कंपनी के सभी हेलिकॉप्टरों को फिलहाल उड़ान भरने से रोक (ग्राउंड) दिया गया है। यह कदम एहतियात के तौर पर उठाया गया है, जबकि अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

 

उन्होंने बताया कि ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलिकॉप्टर दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था। जब यह हेलिकॉप्टर जोशीमठ घाटी के पास से गुजर रहा था, तभी से इसका पता नहीं चल पा रहा है। यह जानकारी मिलते ही हमने चमोली जिला प्रशासन, SDRF (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स) और सेना की एक यूनिट को घटना स्थल के पास भेजा है, ताकि एक सही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा सके।

सभी मृतकों के परिवारों से किया गया संपर्क  

प्रतीक जैन ने बताया की सेना की टीम सबसे पहले, लगभग 3:30 बजे, दुर्घटनास्थल पर पहुंची। चमोली जिले की जोशीमठ तहसील के चाईगांव इलाके में दुर्घटना की पुष्टि हुई। दुख की बात है कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोग पायलट और पांच यात्री इस हादसे में मारे गए हैं। हमने सभी परिवारों और कर्नाटक प्रशासन से संपर्क कर लिया है। जिला प्रशासन की टीम अभी दुर्घटनास्थल से शवों को जिला मुख्यालय ला रही है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। शवों को यहां लाया जाएगा या कहीं और सौंपा जाएगा, यह फैसला जिला प्रशासन परिवारों से सलाह करके लेगा। 

मामले की होगी जांच

प्रतीक जैन ने बताया कि नियमानुसार पोस्टमार्टम भी कराया जाएगा, इसके बाद शव परिजनों को उनकी पसंद की जगह पर सौंप दिए जाएंगे, DGCA और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) के अधिकारी देहरादून पहुंचेंगे। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। इसी जांच के आधार पर यह तय किया जाएगा कि इस सीजन के बाकी समय में शटल और चार्टर सेवाएं कैसे संचालित की जाएंगी।