हिमाचल प्रदेश के लिए न्यायिक क्षेत्र से एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर को त्रिपुरा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने मंगलवार को हुई बैठक में उनके नाम पर मुहर लगाते हुए केंद्र सरकार को यह सिफारिश भेजी है। उनकी इस उपलब्धि से बिलासपुर जिला के घुमारवीं क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर का संबंध बिलासपुर जिला की घुमारवीं तहसील के लंजाटा गांव से है। एक छोटे से गांव से निकलकर देश की न्यायिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गया है। उनकी प्रस्तावित नियुक्ति को हिमाचल प्रदेश के न्यायिक जगत के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
2016 में हिमाचल हाई कोर्ट के न्यायाधीश बने
जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर ने 12 अप्रैल 2016 को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की थी। इसके बाद से वह लगातार न्यायिक सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं। लंबे न्यायिक अनुभव और कार्यक्षमता के चलते उन्होंने हाई कोर्ट में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उनका जन्म 16 अप्रैल 1966 को बिलासपुर में हुआ था। न्यायिक क्षेत्र में उनके अनुभव और विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के निर्वहन को देखते हुए अब उन्हें त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपने की सिफारिश की गई है।
यह भी पढ़ें: खटाई में पड़ गई हिमाचल प्रदेश की लॉटरी स्कीम, कंपनियों ने नहीं दिखाई दिलचस्पी
न्यायिक अकादमी की भी संभाली जिम्मेदारी
जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वह अकादमी के गवर्निंग बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं। इस भूमिका में न्यायिक अधिकारियों के प्रशिक्षण, न्यायिक कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और संस्थागत गतिविधियों से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
त्रिपुरा हाई कोर्ट के मौजूदा मुख्य न्यायाधीश का कर्नाटक हाई कोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरण किए जाने के बाद यह पद रिक्त होगा। इसी क्रम में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर को त्रिपुरा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की है।
सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कॉलेजियम प्रस्ताव में उनके नाम की अनुशंसा की गई है। हालांकि, कॉलेजियम की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति की औपचारिक अधिसूचना जारी होना और इसके बाद शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होना शेष है। यदि नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होती है तो जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर त्रिपुरा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगे।
