कर्नाटक के बागलकोट जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पति ने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के शक में अपनी 29 साल की पत्नी को फांसी पर लटका दिया। आरोपी पति ने पत्नी को फांसी लगाते हुए इसका वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे अपने दोस्तों और परिवार को भेज दिया। हद तो तब हो गई जब उसने पत्नी को मारते हुए अपने ससुर-सास को वीडियो कॉल करके दिखाया।
बागलकोट पुलिस ने बताया कि घटना बिलगी तालुक के गलगली गांव की है। मृतक महिला का नाम भाग्यश्री जिगलुर है। पुलिस ने उसका शव बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति प्रवीण अशोक जिगलुर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: 'सास ने डोसा बनाने को कहा तो क्या हो गई क्रूरता?', हाई कोर्ट का महिला से सवाल
पुलिस ने आरोपी का फोन जब्त किया
पुलिस ने बताया कि उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी का फोन जब्त कर लिया है। उसके फोन में महिला का फंदे से लटकी हुई वीडियो मिली है। वीडियो में महिला के संघर्ष करती हुई दिख रही है।
जांच में जुटी है पुलिस
पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के साथ मारपीट करने के बाद उसे फंदे पर लटकाया गया या मारपीट के बाद उसने आत्महत्या की। जांच के दौरान उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध होने का शक था।
यह भी पढ़ें: गोरखपुर: 10 साल के बच्चे की अपहरण के बाद हत्या, पड़ोसी के बेसमेंट में मिला शव
दोनों की 2020 में हुई थी शादी
पुलिस ने महिला के मोबाइल फोन से मिले वीडियो और घटना के बाद आरोपी द्वारा बनाए गए वीडियो भी बरामद किए हैं। बागलकोट पुलिस ने कहा, 'आरोपी ने ये वीडियो महिला के पिता, परिवार के सदस्यों और कुछ दोस्तों के साथ शेयर किए थे। हमने ये वीडियो बरामद कर लिए हैं।' पुलिस के मुताबिक, दंपति की शादी 2020 में हुई थी और वे लगभग चार साल से साथ रह रहे थे। उनका तीन साल का एक बेटा है।
