उत्तर प्रदेश के आगरा में प्रेम, शादी के वादे और कथित धोखे का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली किन्नर सूरज उर्फ आयशा ने अपने प्रेमी त्रिवेंद्र सिंह निवासी लखनपुर, सिकंदरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, करीब दो साल पहले किन्नर सूरज की मुलाकात त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और त्रिवेंद्र ने उससे शादी करने का वादा किया।
शिकायत के मुताबिक, त्रिवेंद्र सिंह किन्नर सूरज को अलग-अलग होटलों में लेकर जाता था। दोनों के बीच शारीरिक और भावनात्मक संबंध भी बने। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उससे कहा कि अगर वह अपना लिंग परिवर्तन करा लेती है तो वह उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहेगा और उससे शादी करेगा।शादी के भरोसे में किन्नर सूरज ने लिंग परिवर्तन कराने में लाखों रुपये खर्च किए और सूरज से आयशा बन गई। पीड़िता का आरोप है कि लिंग परिवर्तन के बाद त्रिवेंद्र ने शादी करने से इनकार कर दिया।
4 लाख रुपये और बुलेट भी लेने का आरोप
आयशा ने शिकायत में आरोप लगाया कि त्रिवेंद्र सिंह ने उससे चार लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल भी ले ली। जब उसने अपने रुपये और बुलेट वापस मांगी तो उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसे बधाई के तौर पर मिलने वाली रकम भी त्रिवेंद्र अपने पास रख लेता था। शादी का वादा पूरा न होने और रुपये-मोटरसाइकिल वापस न मिलने के बाद किन्नर आयशा ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: मंदिर में तीसरा फेरा होते ही पहुंचे लड़की के घरवाले, लड़का-लड़की को ले गई पुलिस
पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
लगातार विवाद और कथित धमकियों के बाद किन्नर आयशा ने पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार से शिकायत की। उसने अपनी शिकायत में बताया कि त्रिवेंद्र ने उससे शादी करने और पूरी जिंदगी उसके साथ रहने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर उसने अपने जीवन में बड़ा बदलाव किया और लिंग परिवर्तन कराया।आयशा का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि त्रिवेंद्र पहले से शादीशुदा है। इसके बाद मामला और उलझ गया।
शिकायत में आयशा ने त्रिवेंद्र की पत्नी किरण का भी नाम लिया है। उसका आरोप है कि किरण ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। मामले में त्रिवेंद्र सिंह और उसकी पत्नी किरण के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: पेट में लड़की बताकर खिला दी गोली, गर्भपात के बाद निकला लड़का; आशा बहू गिरफ्तार
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि शिकायतकर्ता ने शारीरिक शोषण और लिंग परिवर्तन कराने से जुड़े आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
