महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल के आरोप में 23 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में परीक्षा निरीक्षकों और जिला परिषद के टीचर समेत टीम के अन्य सदस्यों को नामजद किया गया है।

 

घटना मंगलवार को महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित 12वीं की बोर्ड परीक्षा के पहले दिन कन्नड़ तालुका के जैतापुर स्थित राष्ट्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षार्थी एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिकाओं से नकल करते पाए गए, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है।

CCTV जांच के बाद कार्रवाई

देवगांव रंगारी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि फुटेज की जांच के बाद सतर्कता समिति ने कार्रवाई शुरू की है । इसके आधार पर परीक्षा केंद्र पर निरीक्षक के रूप में तैनात जिला परिषद के टीचर्स और अन्य संबंधित कर्मियों सहित कुल 23 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

 

यह भी पढ़ें: 'मायके से त्रिपाठी, ससुराल से मिश्रा हूं...', आस्था सिंह को ऋतु ने दिया जवाब

 

पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर महाराष्ट्र विश्वविद्यालय, बोर्ड और अन्य विशिष्ट परीक्षा अधिनियम, 1982 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि जिला परिषद के जिन कर्मचारियों की कथित संलिप्तता सामने आई है, उन्हें निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

साथ ही, विद्यालय के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, घटना उजागर होने के बाद परीक्षा केंद्र पर तैनात सभी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।