बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक मैथिली ठाकुर के परिवार पर जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कई दिनों से यह खबरें चल रही है कि उनके पिता रमेश ठाकुर ने इलाके में किसी की जमीन कब्जा ली है। इन सब आरोपों पर मैथिली ठाकुर ने जवाब देते हुए कहा है कि यह सभी आरोप बिल्कुल गलत है। यह सब सुन कर उन्हें बहुत दुख हुआ है। 

 

आपको बता दें कि यह पूरा मामला तारडीह अंचल की पोखरभिंडा पंचायत से जुड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम देवता के स्थल, सरकारी सड़क, नाले और निजी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। इस पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि उनके परिवार की छवि खराब करने के लिए जानबूझकर झूठ अफवाहें फैलाई जा रही हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'सूखकर हड्डी हो गए सुंदर सिंह ठाकुर', ऐसा क्यों बोले पूर्व CM जयराम ठाकुर?

आरोपों पर दी सफाई

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए मैथिली ठाकुर ने बताया कि उन्हें भी इन सोशल मीडिया पोस्ट्स के बारे में दो दिन पहले ही पता चला। उन्होंने कहा कि मेरे और मेरे परिवार के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है उसे सुन कर बहुत बुरा लग रहा है। उन्होंने कहा, 'मुझे भी इन पोस्ट्स के बारे में दो दिन पहले ही पता चला। जमीन माफिया, जमीन हड़पना, गरीबों के हक छीनना, मैं ये सब बातें पढ़ रही हूं। हमारे परिवार पर लगाए गए ये झूठे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। यह सुनकर मुझे बहुत दुख होता है कि लोग ऐसी बातें लिख रहे हैं।' 

 

 

आगे उन्होंने कहा, 'अगर इसमें कोई सच्चाई है तो स्थानीय सर्कल ऑफिसर से पूछ लीजिए। अगर कोई आरोप लगाया जा रहा है, तो उसका आधार क्या है? इसे साबित करें... मुझे इस बात की बहुत चिंता है कि लोग इतनी तीखी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। आखिर इसका आधार क्या है? बस बेबुनियाद अफवाहें फैलाई जा रही हैं।'

क्या है गांव वालों की शिकायत? 

यह पूरा मामला पोखरभिंडा पंचायत में जमीन को लेकर है। गांव वालों का आरोप है कि मैथिली ठाकुर और उनके पिता की ओर से विवादित जमीन पर बाउंड्री वॉल बनवाई जा रही है। इससे वहां की रोड बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने अपनी शिकायत में मंदिर, सरकारी रोड और नाले पर अतिक्रमण का आरोप लगाया है। इसके अलावा निजी किसानी जमीन और श्मशान की जमीन पर कब्जे की बात भी कही गई है। 

 

यह भी पढ़ें: मोतिहारी: 50 हजार की रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा

 

इस पूरे मामले को लेकर अंचल अधिकारी आलोक कुमार ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया गया है। वहां दोनों पक्षों की बात सुनी जाएगी। इसके बाद कागजों और तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।