उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक युवक अपनी प्रेमिका पर इस कदर भड़क गया कि उसने उसे होटल के कमरे में बंधक बना लिया। यह मामला आबूलेन मार्केट के स्क्वायर होटल से सामने आया है, जहां आरोपी ने पहले लड़की को नौकरी दिलाने के बहाने बुलाया और फिर कमरे में बंद कर दिया। पुलिस के मुताबिक, लड़की की हाल ही में शादी तय हुई थी, जिसकी वजह से उसने युवक से मिलना-जुलना बंद कर दिया था। 

 

बताया जा रहा है कि आरोपी इसी बात को लेकर नाराज था, उसने बहाने से लड़की को बुलाया और होटल के एक कमरे में कैद कर दिया। लड़के ने धमकी देते हुए कहा कि मेरी नहीं हुई तो किसी और की होने नहीं दूंगा, जान से मार दूंगा। हालांकि, लड़की किसी तरह होटल के कमरे से भाग निकली और सड़क पर बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 

 

यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी के पंवाणी गांव में आग, 33 मकान जलकर राख, 58 परिवार प्रभावित

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़का-लड़की पहले से ही एक दूसरे को जानते थे, लड़के का नाम सलमान बताया जा रहा है, जो मेरठ में कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। सलमान की मुलाकात एक साल पहले गाजियाबाद की रहने वाली लड़की से हुई। दोनों एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। इसी दौरान उनकी बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे मुलाकातें होने लगीं।

 

हाल ही में लड़की की शादी तय हो गई, जिसके बाद लड़की ने नौकरी छोड़ दी और दोनों का मिलना-जुलना भी बंद हो गया। बताया जा रहा है कि सलमान ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया। 

 

2 दिन पहले लड़की जब अपनी सहेली के घर मेरठ आई तो इसकी जानकारी सलमान को हो गई। उसने लड़की को नौकरी दिलाने के बहाने से बुलाया और आबूलेन मार्केट के स्क्वायर होटल ले गया और वहां उसे कमरे में बंद कर दिया।

होटल से किसी तरह बच के भाग निकली लड़की 

मंगलवार दोपहर लड़की होटल से बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए बाहर भागी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लड़का  लड़की को पीछे से आकर बाल पकड़कर खींच कर ले जाता हुआ दिख रहा है, वह उसे गोद में उठाकर वापस होटल के अंदर ले जाने की कोशिश करता है।लड़की की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और भीड़ को देखकर आरोपी उसे छोड़कर होटल के अंदर भाग गया।

बताया जा रहा है की लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन होटल कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया। बाद में मौका पाकर वह लड़का वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि यह घटना दोपहर 1:30 बजे की है। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।  

पुलिस ने क्या बताया?

CO संजय गुप्ता का कहना है, 'आज, तारीख 24/11/2026 को सदर बाज़ार थाना इलाके में आबू लेन पुलिस चौकी से सूचना मिली कि एक लड़का और लड़की एक होटल में रुके हुए हैं और उनका आपस में झगड़ा हो गया है। इस बारे में पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, पीड़ित को सुरक्षित थाने ले आई, उससे लिखित शिकायत ली और जरूरी धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।'

लव जिहाद का आरोप 

बताया जा रहा है कि सलमान शादीशुदा है। हिंदूवादी संगठन के एक नेता ने इस मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है। मेरठ के आबूलेन बाजार के होटल स्क्वायर में हिंदू लड़की को किडनैप करने का मामला अब सोशल मीडिया पर भी लव जिहाद से जोड़कर देखा जा रहा है।