महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई सहित रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में सोमवार सुबह से भीषण बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है, जिससे ट्रैफिक जाम और रेल यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है। मुंबई के कुर्ला, विद्याविहार, सायन, दादर, परेल और पश्चिमी उपनगरों में सुबह से बारिश लगातार जारी है।
हिंदमाता, भायखला स्टेशन, और केईएम अस्पताल जैसे इलाकों में पानी भर जाने से आम नागरिकों और मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंत्रालय के बाहर भी सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे कर्मचारियों को दिक्कत हो रही है।
मेट्रो ट्रेन हुआ पानी-पानी
यह भी पढ़ें: देश में 1000 से ज्यादा कोविड केस, दिल्ली से केरल तक अलर्ट, अब आगे क्या
कुछ घंटों में बारिश होगी तेज
भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों तक बारिश की तीव्रता बनी रह सकती है। मुंबई, ठाणे, पालघर और आसपास के तटीय क्षेत्रों में येलो अलर्ट जबकि रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: जयशंकर की कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से हुई फोन पर क्या बात हुई?
रेल सेवाएं भी प्रभावित हुई
बता दें कि मध्य रेलवे की धीमी लोकल ट्रेनें 5 मिनट की देरी से चल रही हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की फास्ट लोकलें 10 मिनट पीछे हैं। हार्बर और वेस्टर्न लाइन पर भी ट्रेनों की आवाजाही में 5 मिनट तक की देरी देखी गई है। इस बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने नागरिकों से अपील की है कि वे अत्यावश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और सावधानी बरतें।
35 सालों में सबसे जल्दी मानसून की शुरुआत
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार असामान्य रूप से जल्दी दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून रविवार को महाराष्ट्र पहुंच गया, जिससे यह राज्य में पिछले 35 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून की शुरुआत बन गई है। आमतौर पर मानसून की महाराष्ट्र में एंट्री जून के पहले सप्ताह में होती है लेकिन इस बार यह करीब एक सप्ताह पहले ही आ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में मानसून के मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। इससे पहले, मानसून ने शनिवार को ही केरल में प्रवेश कर लिया था, जो कि इसकी आमतौर पर 1 जून की निर्धारित तिथि से भी पहले है।