चीनी और प्याज के बढ़े हुए दामों के बीच आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगने जा रहा है। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में दूध की कीमतें 1 सितंबर से बढ़ने जा रही हैं। यहां दूध की कीमतें सीधे 8 रुपये प्रति लीटर महंगी होने जा रही हैं। यह फैसला मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने किया है।
दूध की कीमतें बढ़ने के साथ ही मुंबई में दूध का मौजूदा होलसेल दाम 93 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा। इस वजह से लोगों को अभी के 100 रुपये के मुकाबले करीब 110 रुपये प्रति लीटर देने पड़ सकते हैं।
यह भी पढ़ें: लैंडिंग के दौरान फटा दिल्ली-बिलासपुर फ्लाइट का टायर, बाल-बाल बचे 41 लोग
भैंस-गाय का रख-रखाव महंगा
एसोसिएशन ने इस बढ़ोतरी की वजह डेयरी प्रोड्यूसर्स की बढ़ती लागत को बताया है। जानवरों और जानवरों के चारे की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिससे दूध उत्पादकों और भैंस-गाय के रख-रखाव पर दबाव पड़ा है।
जानवरों का चारा 25 फीसदी तक महंगा
अनाज, तूर चुन्नी और चना चुन्नी जैसी जानवरों को खिलाई जाने वाले सामान काफी महंगे हो गए हैं। एसोसिएशन ने कहा कि इन सामानों की कीमतें 25 फीसदी तक बढ़ गई हैं। जानवरों के चारे, खली और दूसरी चीजों की ज्यादा कीमतों ने गाय और भैंस को पालने का खर्च और बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें: 'हम उन्हें पीटेंगे', मराठी ना बोलने पर MNS के अमित ठाकरे ने दी ड्राइवरों को धमकी
दूध से बने उत्पाद होंगे महंगे
कीमतों में इस बदलाव का मुंबई के फूड मार्केट पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना है। दूध से बने उत्पाद, जैसे लस्सी, छाछ, घी और मिठाइयां भी महंगी हो सकती हैं। यह नई बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब डेयरी प्रोड्यूसर दूध की सप्लाई बनाए रखते हुए बढ़ते खर्चों को कम करना चाहते हैं।
बता दें कि दिल्ली-एनसीआर के इलाकों नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में अभी फुल क्रीम दूध 72 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं लोकल दूधवाले 80-90 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से दूध बेच रहे हैं।
