पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज भारी बारिश जारी है। इस बीच चंडीगढ़ में स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से एक दुखद मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में एक छात्रा की हॉस्टल से डिपार्टमेंट जाते समय अचानक मौत हो गई। मौत होने का मुख्य कारण करंट लगना बताया जा रहा है। इस हादसे के बाद से यूनिवर्सिटी के छात्र गुस्से में हैं और प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। 

 

जानकारी के अनुसार, आज सुबह यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस में स्थित गर्ल्स हॉस्टल से  ज्योति नाम की छात्रा नॉर्थ कैंपस में स्थित डिपार्टमेंट जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान वह अचानक कच्चे रास्ते पर नीचे गिर पड़ी। यह देखकर स्टूडेंट उसे उठाने के लिए दौड़े। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

 

यह भी पढ़ें: 'क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं तो छात्रों को रिहा करें', सुप्रीम कोर्ट ने क्या-क्या कहा?

 

छात्रों का फूटा गुस्सा

इस हादसे की मुख्य वजह करंट लगने को बताया जा रहा है। हालांकि, अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इस घटना से गुस्साए छात्रों ने यूनिवर्सिटी की वाइस चांसलर के घर का घेराव किया। स्टूडेंट्स गेट फांदकर अंदर तक चले गए और पुलिस ने हालात काबू में किए। छात्रों ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। इसके सआथ ही इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑडिट कराने की मांग की और खतरे वाली जगहों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की। छात्र यूनिवर्सिटी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। 

कहां  से आया करंट?

फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि पीड़िता को करंट कैसे लगा। यह करंट किस चीज में आया था इस बारे में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई भी जानकारी शेयर नहीं की गई है। चंडीगढ़ पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि करंट बिजली के खंभे, स्ट्रीट लाइट, खुले तार या किसी अन्य जगह से फैला या कहीं और से। कुछ छात्रों का कहना है कि ज्योति जब पानी से भरे रोड़ से निकल रही थी उस समय अचानक उसका पैर फिसला और उसने संभलने के लिए खंभे को पकड़ा। 

 

यह भी पढ़ें: अलग जगह धरना, वैसे ही प्रयास, CJP से BJP कम, कांग्रेस ज्यादा परेशान क्यों है?

 

भारी बारिश से परेशान चंडीगढ़

आज सुबह करीब 7 बजे से चंडीगढ़ में लगातार बारिश हो रही है। इस बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया और सड़कों पर जाम लग गया। इस सीजन में पहली बार इतनी भारी बारिश हुई है और लोग अब प्रशासन पर भी सवाल उठा रहे हैं। इस तरह चंडीगढ़ के हर सेक्टर में पानी भरने की घटना से लोगों में गुस्सा है। जिस जगह पर यह घटना हुई उसके बाहर मेन रोड पर भी पानी भरने के कारण सुबह से ही लंबा जाम लगा था।