उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर तैनात रेलवे पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। आरोप के मुताबिक, दो पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर दो युवकों को बेरहमी से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई लोगों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच-पड़ताल की गई। अब आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।
यह मामला शुक्रवार का है, जब रात करीब 2:55 बजे प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर दो युवक मौजूद थे। तभी वहां जीआरपी के दो पुलिसकर्मी आए और दोनों लड़कों को पूछताछ के लिए ले गए। पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के दौरान युवकों को बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सामने आते ही सामाजिक संगठनों के लोगों ने रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी।
यह भी पढ़ें: टायर चोरी मामले में हुई थी पूछताछ, ड्राइवर की मौत के बाद 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड
लोगों ने की जांच की मांग
इस मामले को लेकर सामाजिक संगठनों ने जांच-पड़ताल कराने की मांग की थी। संगठन के लोगों का कहना था कि पीड़ित लड़कों की मेडिकल जांच की जाए। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन की सीसीटीवी फुटेज देखी जाए और संभालकर रखी जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति सबूतों के साथ छेड़छाड़ न कर सके।
पुलिसकर्मियों के खिलाफ हुई कार्रवाई
इस मामले का वीडियो वायरल होने पर एसपी मुरादाबाद जीआरपी ने जांच-पड़ताल की। जांच के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके बाद जांच-पड़ताल की रिपोर्ट गाजियाबाद रेलवे पुलिस को सौंप दी गई है।
यह भी पढ़ें: फरीदाबाद से लेकर गुरुग्राम तक बिजली सप्लाई रही बंद, क्या बोले मंत्री अनिल विज?
युवकों को पुलिस ने क्यों पीटा?
शुक्रवार की रात दो युवक स्टेशन पर मौजूद थे, जो कथित तौर पर स्टेशन पर एक आदमी का बैग चुराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान स्टेशन पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लड़कों को पकड़ लिया। जिसके बाद लड़कों की पिटाई की गई।
इस मामले को लेकर जीआरपी प्रभारी मनोज चौधरी ने बताया कि शुक्रवार की रात चार युवकों को चोरी करते हुए पकड़ा गया था। इसी मामले को लेकर पुलिसकर्मियों ने लड़कों से पूछताछ की थी। लड़कों की पिटाई को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है, ताकि सच सामने आ सके।
