कर्नाटक के तुमकुरु से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक ज्वेलरी शॉप से करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के गहने रातोंरात गायब हो गए। जब CCTV फुटेज खंगाला गया तो चोर कोई इंसान नहीं, बल्कि एक चूहा निकला। फुटेज में एक चूहा गहनों को घसीटकर ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना तुमकुरु शहर के कैलटेक्स सर्किल के पास स्थित विश्वास ज्वेलरी शॉप की है। रोज की तरह जब कर्मचारी ने शॉप खोली तो पता चला कि करीब 50 ग्राम वजन के कई कीमती गहने गायब हैं। इन गहनों की कुल कीमत 10 लाख के आसपास थी, इनमें हीरे की अंगूठियां, सोने के हार और अन्य गहने शामिल थे।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में भी Gen Z प्रोटेस्ट, हजारों की भीड़ सड़कों पर; आजादी के लगे नारे
वीडियो में गहने चुराता दिखा चूहा
पहले तो शक हुआ की दुकान में चोरी हुई है, लेकिन दुकान का शटर पूरी तरह सुरक्षित था और जबरन घुसने या चोरी के कोई निशान नहीं मिले। कर्मचारियों की शिकायत पर पुलिस ने जब CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी तो हैरान हो गए। वीडियो फुटेज में एक चूहा गहनों को घसीटकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर जब कर्मचारियों ने चूहे के आने-जाने का रास्ता खोजा तो उन्हें उसका बिल मिल गया।
बाद में बिल की सावधानी से खुदाई की गई तो अंदर से गायब हुए सभी गहने बरामद हो गए। इनमें 10 अंगूठियां और तीन नेकलेस भी शामिल थे। गहने मिलते ही कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। वह इस घटना से हैरान भी दिखे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
अब इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि यह घटना वाकई किसी फिल्मी सीन की तरह लगता है। इस वीडियो ने ऑनलाइन जबरदस्त चर्चा छेड़ दी है। कई यूजर्स इसे हाल के समय की सबसे अनोखी ज्वेलरी हाइस्ट की कहानियों में से एक बता रहे हैं।
