गुजरात के राजकोट के ग्रीनलैंड चौकड़ी स्थित McDonald's आउटलेट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दो बड़े चूहे ग्राहकों के बैठने वाली जगह यानी टेबल और बेंच के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद आउटलेट की साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे मामले सामने आते ही राजकोट नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया और आउटलेट की जांच की गई।

 

वीडियो के चूहे बिना किसी डर के डाइनिंग एरिया में घूमते दिखाई दे रहे हैं। इसी जगह ग्राहक बैठकर खाना खाते हैं। वीडियो में McCafé का साइन और स्टोर का मेन्यू भी नजर आ रहा है। नगर निगम के अधिकारियों ने वीडियो की पुष्टि करने के बाद आउटलेट का निरीक्षण किया। हालांकि, जांच में साफ-सफाई से जुड़ी कोई बड़ी कमी नहीं मिली लेकिन चूहों की मौजूदगी को देखते हुए पेस्ट कंट्रोल पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई।

 

यह भी पढ़ें: लापता हो गया है पालतू कुत्ता, ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम

जांच के दिए आदेश

राजकोट नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जयेश वकानी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उन्हें वीडियो की जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम को मामले की जांच के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जांच में अगर कंपनी की लापरवाही सामने आती है तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल आने वाली बाहरी गाड़ियों को बड़ी राहत, खत्म होगा कंपोजिट शुल्क

 

वकानी के अनुसार, आउटलेट में दो हिस्से हैं जिन्हें कांच की पार्टिशन से अलग किया गया है। एक हिस्सा ग्राहकों के लिए डाइनिंग एरिया है, जबकि दूसरे हिस्से का इस्तेमाल पार्टियों के लिए होता है। जांच में पता चला कि वीडियो में दिख रहे चूहे पार्टी वाले हिस्से में थे और आशंका है कि वे बाहर से अंदर आए होंगे।

दूध और स्ट्रॉबेरी क्रश के सैंपल लिए

नगर निगम के खाद्य विभाग ने आउटलेट का संचालन करने वाली कंपनी हार्ड कैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड से टोंड मिल्क और स्ट्रॉबेरी फ्रूट क्रश के सैंपल लिए हैं। इन्हें फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसके अलावा आउटलेट से 3,000 रुपये का प्रशासनिक शुल्क भी लिया गया है।

 

यह भी पढ़ें:  तमिलनाडु के हॉस्टलों में मिलेगा बीफ? छात्रों की मांग पर मचा बवाल

 

अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान हाइजीन से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं मिली। हालांकि, चूहों की रोकथाम के लिए प्रभावी पेस्ट कंट्रोल जरूरी है। नगर निगम का खाद्य विभाग शहर में मिलावट और अस्वच्छता के खिलाफ निगरानी अभियान भी चला रहा है।