जमीन के मामले में सालों-साल कोर्ट का चक्कर लगाने वाले किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राज्य के सभी 900 राजस्व न्यायालयों को वर्चुअल कोर्ट में बदल दिया है। अब दाखिल-खारिज, परिमार्जन समेत अन्य राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए रैयतों को बार-बार कोर्ट नहीं जाना पड़ेगा। अब इसकी सुनवाई घर बैठे ही होगी। सुनवाई के दौरान रैयतों का पक्ष रिकॉर्ड कर सुरक्षित रखा जाएगा ताकि भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में तथ्यों का प्रमाण मौजूद रहे। 

 

राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को अपना कामकाज छोड़कर सुनवाई के लिए आना पड़ता था। कई बार तारीख पर तारीख मिलती थी और मामले सालों तक लटके रहते थे। कुछ मामलों में चार-चार साल तक सुनवाई पूरी नहीं हो पाती थी। अब तकनीक से व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा रहा है, ताकि आम लोगों को समय पर न्याय मिल सके।

 

यह भी पढ़ें: हत्या के बाद खुद पुलिस को किया फोन, इंजीनियर ने गर्लफ्रेंड को पीट-पीटकर मार डाला

पटना से होगी हर कोर्ट की निगरानी

मंत्री ने बताया कि वर्चुअल कोर्ट व्यवस्था के माध्यम से पटना स्थित विभागीय मुख्यालय से सभी राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली की निगरानी की जाएगी। किस मामले में कितनी तारीखें दी जा रही हैं, किसी किसान को कितनी बार कोर्ट आना पड़ रहा है और कितनी बार उसे बिना सुनवाई के लौटना पड़ रहा है, इन सभी पहलुओं की मॉनिटरिंग मुख्यालय से होगी। सुनवाई के दौरान प्रस्तुत पक्ष को रिकॉर्ड कर संरक्षित किया जाएगा। 

 

इसके साथ ही आवेदन, साक्ष्य, दस्तावेज और न्यायालय द्वारा पारित आदेश भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे। मंत्री ने कहा कि राजस्व मामलों में राजस्व अधिकारी, अंचल अधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता समेत अन्य पदाधिकारियों द्वारा दिए जाने वाले फैसलों की गुणवत्ता की भी मुख्यालय स्तर से समीक्षा की जाएगी। विशेषज्ञ अधिकारियों की मदद से न्यायिक कार्यों की निगरानी होगी। यदि किसी पदाधिकारी के निर्णय की गुणवत्ता में कमी पाई जाती है या उसके फैसले से रैयतों को परेशानी होती है तो समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

AI और कर्मचारियों के लैपटॉप में GPS

मंत्री ने कहा कि अंचल कार्यालयों में दलालों की सक्रियता पर रोक लगाने के लिए सभी राजस्व कार्यालयों में लगे CCTV को AI मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा। AI की मदद से दलालों की पहचान की जाएगी। इससे भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई संभव होगी। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों को दिए गए लैपटॉप में GPS लगाया गया है। अमीनों को भी ऐसा ही लैपटॉप दिया जा रहा है। इससे उनके कार्यों की आसानी से निगरानी की जा सकेगी। कौन कर्मचारी कहां है, किस मौजे में काम कर रहा है, यह सब मुख्यालय से पता चलेगा। मंत्री ने कहा कि विभाग में अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी। काम नहीं करने वाले और दलालों से सांठगांठ रखने वालों की खैर नहीं है।

6 महीने में 144 अधिकारियों पर गिरी गाज

मंत्री ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद 27 मई से अब तक विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितता के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। पिछले छह माह में 144 पदाधिकारियों के विरुद्ध विभिन्न प्रकार की कार्रवाई की गई है। गया जिले के अतरी अंचल के अंचल अधिकारी दिलीप कुमार के विरुद्ध जमीन के दाखिल-खारिज पर रोक लगाने के लिए 70 हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद विभागीय कार्रवाई की गई है। वहीं, बोध गया के पूर्व अंचल अधिकारी कमल नयन कश्यप के विरुद्ध भू हदबंदी अधिनियम की भूमि का दाखिल-खारिज किए जाने के मामले में दो वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई की गई है। 

 

यह भी पढ़ें: लखीमपुर में ट्रक-कार की भीषण भिड़ंत, पिता-पुत्र सहित चार की मौत; छह घायल

 

भूमि सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य में सर्वे के काम में तेजी लाई जा रही है। अब तक 20 जिलों के 1,617 मौजों के सर्वे का प्रकाशन किया जा चुका है। अंतिम अधिकार अभिलेख के प्रकाशन के बाद रैयतों को स्वामित्व कार्ड यानी पासबुक उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपील के लिए विभिन्न स्टेज की प्रक्रिया के बाद ही अभिलेख का प्रकाशन किया जा रहा है, ताकि रैयतों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।