संजय सिंह, पटना। बिहार के सिवान जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस थाने के आसपास भी बड़ी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। सोमवार की दोपहर बसंतपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में स्थित एक ज्वेलरी और बर्तन की दुकान में चार नकाबपोश अपराधियों ने घुसकर करीब 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट ली। घटना थाने से महज कुछ ही दूरी पर हुई। इससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

मिली जानकारी के अनुसार पुरानी बाजार में स्थित अरुण ज्वेलरी शॉप में दुकानदार आराम से बैठा हुआ था। दोपहर का समय होने के कारण बाजार में सामान्य चहल-पहल थी। तभी अचानक चार नकाबपोश बदमाश दुकान में घुसे। बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर दुकानदार को बंधक बना लिया।

 

यह भी पढ़ें: ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज, सदन भी स्थगित

कुछ मिनट में ही दुकान खाली 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने बेहद तेजी से वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों को बोरे में भरकर भाग निकले। जाते-जाते दुकानदार को आवाज मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये के आसपास है। अपराधियों ने दुकान के काउंटर में रखी नकदी भी ले गए।

वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी 

वारदात के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। सिवान के पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदार से घटना की पूरी जानकारी ली और आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ की।

 

यह भी पढ़ें: 'परनाना से पिताजी तक बड़े नेता थे लेकिन', राहुल गांधी पर क्या बोल गए अमित शाह?

पुलिस देख रही है सीसीटीवी फुटेज 

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें चारों नकाबपोश अपराधी दुकान में घुसते और हथियार के बल पर लूटपाट को अंजाम देते दिखाई पड़ रहे हैं। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इन फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सकता है। दिनदहाड़े थाने के पास हुई लूट ने स्थानीय व्यापारियों को चिंता में डाल दिया है। बाजार के व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस ने गठित की विशेष टीम

एसपी पुरण झा ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया है। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए लगाया गया है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।