राजधानी दिल्ली के भारत नगर इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (DUSU) का प्रचार हो रहा था। उसी दौरान दो विरोधी गुटों के बीच मारपीट हो गया। यह झगड़ा बहस से शुरू हुआ था, जो जल्द ही मारपीट में तब्दील हो गया। इसमें सत्यवती कॉलेज के दो छात्र घायल हो गए। साथ ही इस झगड़े में कथित तौर पर गोलीबारी भी हुई थी और दो गाड़ियों को भी तोड़ा गया था। पुलिस को जैसे ही इस गोलीबारी और मारपीट के बारे में पता चला, तब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दोनों घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है।
यह घटना भारत नगर के वजीरपुर गांव के पास की है, जहां दिल्ली विश्वविद्यालय का सत्यवती कॉलेज है। यह मारपीट मंगलवार कि रात को यानी 15 सितंबर को हुआ था। जब कॉलेज के छात्र भारत नगर इलाके में चुनाव प्रचार कर रहे थे, तभी छात्रों के बीच बहस होने लगी। इसके बाद छात्रों ने एक-दूसरे पर हमला किया। इस मामले में घायल छात्रों की पहचान 19 साल के अंश और 19 साल के भविष्य चौधरी के रूप में हुई है, जिन्हें दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के BJP MLA ने अपने ही कार्यकर्ता को रातभर पीटा, भारी बवाल
चुनाव प्रचार में हुई मारपीट
इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें मारपीट की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घायल अंश और भविष्य को अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि घायल अंश और भविष्य के बीच झगड़ा हुआ था और उन्होंने एक-दूसरे को पीटा था। इस वजह से दोनों ही छात्र घायल हो गए। इस मामले को लेकर पुलिस ने कहा कि घायल छात्रों की मेडिकल रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: फेक ट्रेनी IPS बनकर असली पुलिस से जालसाजी, सच आया सामने, आरोपी फरार
तोड़ी गईं गाड़ियां
इस मामले की जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मारपीट के सबूत इकट्ठा किए। वहां उन्हें कॉलेज की साइंस लैब के पास दो टूटी हुई गाड़ियां मिलीं। इसके साथ ही पुलिस टीम ने छात्रों से पूछताछ की थी, ताकि समझा जा सके कि मारपीट किस वजह से हुई। पुलिस ने इस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच जारी है।
