उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। 25 अगस्त से आंदोलन कर रहे छात्रों ने प्रशासनिक भवन के दोनों गेट बंद कर दिए। कई छात्र पिछले चार दिनों से भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं। गेट बंद होने की वजह से शिक्षक, कर्मचारी और दूसरे छात्रों को काफी परेशानी हुई।

 

हालात संभालने पहुंचे विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय को प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने घेर लिया। इस दौरान छात्रों और प्रॉक्टर के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद वहां मौजूद सब इंस्पेक्टर ने छात्रों को धमकी दे दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल में नॉन-वेज पर बयान देकर फंसे बागेश्वर बाबा, कांग्रेस ने शिकायत दर्ज कराई

क्या है पूरा मामला?

मामला बढ़ने पर प्रॉक्टर वहां से निकलने लगे लेकिन कुछ छात्रों ने उनका पीछा किया। विश्वविद्यालय के सुरक्षा गार्डों ने बीच-बचाव कर उन्हें वहां से निकाला। घटना की सूचना मिलने के बाद कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और एक पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारी छात्रों को चेतावनी देता नजर आया। जिसका वीडयो सोशल मीडिया पर वायरल है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक सब इंस्पेक्टर छात्रों के प्रदर्शन के तरीके पर नाराजगी जताता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह छात्रों से पूछता सुनाई देता है कि क्या इस तरह का प्रदर्शन शांतिपूर्ण आंदोलन है। इसके बाद अधिकारी कहता है, 'यह गोरखपुर पुलिस है। इतनी फोर्स बुलाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा। याद रखना, मैं बता रहा हूं।'

 

यह भी पढ़ें: महिला के कपड़े उठाना दुष्कर्म का प्रयास नहीं- झारखंड हाई कोर्ट

चार दिन से भूख हड़ताल पर हैं छात्र

बताया जा रहा है कि छात्र 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। मांगों पर सुनवाई नहीं होने के बाद छात्रों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी। छात्र नेता सतीश प्रजापति चार दिन से भूख हड़ताल पर हैं। छात्र नेताओं का कहना है कि उन्होंने नए कुलपति के सामने पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। उनका कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।