यमुनानगर के बिलासपुर में ऐतिहासिक तीर्थस्थल कपालमोचन में पांच दिवसीय कपालमोचन-श्री आदिबद्री मेले का केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का भी उद्घाटन किया।
इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को उनके भ्रमण के दौरान एक ही स्थान पर पुलिस सहायता, आवश्यक मार्गदर्शन तथा आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना है। मोबाइल पुलिस पोस्ट के माध्यम से पुलिस सहायता को स्थायी स्थानों तक सीमित रखने के बजाय सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में धीरे-धीरे दम तोड़ रही डाक विभाग की सुविधा, 4 जिलों में बंद किए ATM
आधुनिक सुविधाओं एवं प्रशिक्षित स्टाफ तैनात
मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट को विशेष रूप से पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें कुल 7 प्रशिक्षित स्टाफ सदस्य तैनात रहेंगे, जिनमें 4 सी पी आर (Cardiopulmonary Resuscitation) प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तथा एक फार्मासिस्ट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंदों की सहायता के लिए 2 व्हीलचेयर और 2 स्ट्रेचर भी उपलब्ध करवाए गए हैं। यह मोबाइल यूनिट न केवल पर्यटकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगी, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह भी पढ़ें: 23 दिसंबर को होंगे चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव, 26 दिसंबर को आएंगे नतीजे
पर्यटन सुरक्षा को मिलेगी मजबूती
हरियाणा डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को केवल पुलिस सुरक्षा ही नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मार्गदर्शन, आपातकालीन सहायता एवं प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल पुलिस पोस्ट के माध्यम से पुलिस सहायता को सीधे लोगों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे विशेष रूप से धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद पर्यटकों को काफी लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें: कोहरे का असर, दिसंबर से मार्च तक कई ट्रेनें रद्द, बड़ी संख्या में रूट बदले
गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र में भी शुरू होगी ये सुविधा
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि पंचकूला स्थित माता मनसा देवी टूरिस्ट पुलिस स्टेशन की स्थापना के बाद मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट की शुरुआत हरियाणा पुलिस की पर्यटन सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अगला कदम है। इसी कड़ी में भविष्य में गुरुग्राम और कुरुक्षेत्र जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर भी मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू करने की योजना है, ताकि पर्यटकों को तुरंत पुलिस सहायता, आवश्यक मार्गदर्शन और आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके।
