उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की पुरवा विधानसभा से बीजेपी विधायक अनिल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। एक जनसभा में विधायक अपने विरोधियों पर जमकर बरसे। दावा किया कि 2027 में सपा की साइकिल कबाड़ बन जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के चुनाव निशान हाथ के पंजे को लूटने वाला बताया।

 

बीजेपी विधायक ने अपने समर्थकों को विरोधियों से निपटने का मंत्र दिया। कहा कि अगर कोई विरोधी पूछे कि बीजेपी ने क्या दिया तो उन्हें कहना है कि मुफ्त राशन और आयुष्मान का लाभ तो तुम्हें भी मिल रहा है। जितनी बकैती करें... तुम महाबकैती करना। 

 

यह भी पढ़ें: कर्मभूमि एक्सप्रेस के चार डिब्बों में लगी आग, पंजाब के राजपुरा के पास हुआ हादसा

 

बीजेपी ने विधायक ने अपने विरोधियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, 'मैं विरोध करने को किसी भी प्रकार से बुरा नहीं मानता हूं। खुलकर मेरा विरोध करो, लेकिन बाद में विरोध झेलने के लिए भी तैयार रहना।'

दुश्मन को दुश्मन माना जाएगा: अनिल सिंह

विधायक अनिल सिंह ने आगे कहा, 'मान लो कि हरा नहीं पाए और हम फिर जीत गए। फिर यह मत रोना कि हम भाइया ठाकुर हैं। हम भाइया पंडित हैं... लोधी हैं। हमको विधायक जी परेशान कर रहे हैं। फिर दुश्मन को दुश्मन माना जाएगा। चाहे वह अपना भाई हो या बाहर वाला।' अपने विरोधियों से अनिल सिंह ने कहा, 'जितना दम हो, जुटो और निपटा दो... तीन महीने का समय है। अगर न निपटा पाए तो पुरवा छोड़कर भाग जाना।'

'पुरवा में अनिल सिंह दबदबा'

बीजेपी विधायक ने दावा किया कि पुरवा में अनिल सिंह का दबदबा है। अनिल सिंह का ही दबदबा रहेगा। यह भी कहा, 'पुरवा में गरीब-कमजोर और इज्जतदार लोगों का दबदबा चलता है। कोई दिल्ली से आकर यहां हमको नहीं हारा पाएगा। यहां सिर्फ पुरवा का आदमी ही हरा सकता है।'

 

यह भी पढ़ें: फर्जी सर्टिफिकेट गैंग का किया था भंडाफोड़, अब पेड़ से लटकती मिली लाश

 

अनिल सिंह ने कहा कि वोट न देना विरोध नहीं है। बदतमीजी करने वाला विरोधी होता है। विधायक अनिल सिंह यह भी कहते हैं कि हमारे बयान वायरल हो जाते हैं। वे एक पत्रकार से  हुई बातचीत का भी जिक्र करते हैं और कहते हैं, 'आपके विधायक को पूरे विदेश और सऊदी अरब तक लोग सुन रहे हैं।'

जातिवाद में बंटना नहीं है: विधायक

बीजेपी विधायक ने कहा कि जिस दिन योगी और मोदी चले जाएंगे, उस दिन सारे गुंडे बाहर निकलकर लूटेंगे। अगर मान-सम्मान चाहते हो तो जातिवाद में बंटना नहीं है। अगर कोई विरोधी पूछे कि बीजेपी ने क्या दिया तो उन्हें बताना कि फ्री राशन और आयुष्मान लाभ तो आप भी उठा रहे हो। विधायक ने अपने समर्थकों को सीख दी कि अगर वह बकैती करें, तुम महाबकैती करना। आरोप लगाया कि सपा सरकार में राशन बेच लिया जाता था। यह भी कहा कि अगर बंटोगे तो 100 फीसद कटोगे... यह योगी जी ने बताया है। एक रहोगे तो नेक रहोगे।