उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 76 लाख रुपये की BMW कार को लेकर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कारोबारी से दूल्हे और उसके परिवार ने शादी में ले जाने के लिए BMW कार मांगी थी। शादी के बाद कार वापस नहीं की गई। कारोबारी ने कई बार कार लौटाने को कहा लेकिन आरोपियों ने कथित तौर पर टालमटोल की। अब पुलिस ने दूल्हे वंश मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से BMW X3 कार भी बरामद कर ली है।

 

मामला सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र का है। मिशन कंपाउंड निवासी कारोबारी संजीव कपूर ने अपनी फर्म के नाम पर 12 फरवरी 2026 को करीब 76 लाख रुपये में BMW X3 खरीदी थी। इसके लिए उन्होंने बैंक से 65 लाख रुपये का लोन लिया था और बाकी रकम अपनी फर्म के खाते से BMW डीलर को दी थी। कार का रजिस्ट्रेशन 5 मार्च को UP16FM-7799 नंबर से हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: सुपौल में तीसरी कक्षा की छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, शिक्षक गिरफ्तार

शादी में ले जाने के लिए मांगी थी कार

संजीव कपूर की शिकायत के मुताबिक, हरि प्रकाश मित्तल, उनके बेटे नवीन मित्तल और पोते वंश मित्तल ने कार खरीदने में उनकी मदद की थी। बाद में वंश मित्तल की शादी हरियाणा के सोहना में तय हुई। शादी से पहले तीनों ने संजीव कपूर से BMW कार मांगी। उन्होंने कहा था कि शादी में नई BMW लेकर जाने से परिवार की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और शादी के बाद कार वापस कर दी जाएगी। भरोसे में आकर संजीव ने कार उन्हें दे दी।

 

11 और 12 मार्च को संजीव कपूर अपने परिवार के साथ वंश मित्तल की शादी में सोहना पहुंचे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि कार का फास्टैग भी मित्तल परिवार के इस्तेमाल में था। शादी खत्म होने के बाद उन्होंने अपनी कार वापस मांगी लेकिन उन्हें कुछ दिन बाद लौटाने की बात कहकर टाल दिया गया। इसके बाद भी कार वापस नहीं मिली।

 

यह भी पढ़ें: ‘स्वच्छता सबकी जिम्मेदारी’, CM सम्राट चौधरी ने लगाई झाड़ू, शुरू किया अभियान

कई बार मांगने पर भी नहीं लौटाई कार

शिकायत के अनुसार, संजीव कपूर ने हरि प्रकाश मित्तल, नवीन मित्तल और वंश मित्तल से कई बार कार वापस मांगी। आरोप है कि हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल दी गई। 10 मई को संजीव ने सहारनपुर के कोर्ट रोड पर हरि प्रकाश मित्तल और नवीन मित्तल से कार वापस मांगी। शिकायत में आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और कार लौटाने से इनकार कर दिया। संजीव ने धमकी देने का आरोप भी लगाया है।

 

कार वापस नहीं मिलने पर संजीव कपूर ने पुलिस से शिकायत की। उनका कहना है कि थाने और SSP के सामने शिकायत करने के बाद भी शुरुआत में कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। कोर्ट के आदेश के बाद सदर बाजार थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में अमानत में खयानत, आपराधिक साजिश, धमकी और जानबूझकर अपमान करने जैसी धाराएं लगाई हैं।

 

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश और BMW की बरामदगी में जुटी थी। 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने सूचना के आधार पर गौतमबुद्ध नगर के प्रथला खंजरपुर चौराहे पर कार्रवाई की और वंश मित्तल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से संजीव कपूर की BMW X3 भी बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की आगे जांच की जा रही है।