उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने जनसभा के दौरान विवादित बयान दिया। उन्होंने सुल्तानपुर में जनसभा की थी। इसी दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि निषाद समाज के लोग उनकी पार्टी को वोट दें, ताकि वह निषाद समाज की महिलाओं की रक्षा और इस समाज के विकास के लिए काम कर सकें। इसके बाद संजय ने जाहिर किया कि अगर जनता उनका साथ दे, तब निषाद समाज के लोगों पर कोई आंख नहीं उठा पाएगा। इसके साथ लोगों को सलाह दी कि जब कोई व्यक्ति हाथ उठाए तो उसका हाथ काट दो। संजय का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

संजय निषाद रविवार को एक जनसभा में शामिल हुए थे। जहां उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में सभी लोग वोट दें, जिसके बाद वह लोगों के हित के लिए काम करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर आरोप लगाया। अब सवाल उठता है कि संजय निषाद ने ऐसा क्या बोला था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार-नेपाल के इनरवा बॉर्डर पर क्यों भड़के लोग? टायर जलाकर किया प्रदर्शन

क्या बोले संजय निषाद?

संजय निषाद ने भाषण में कहा, 'हमारी आबादी 18 प्रतिशत है। अगर आप हमारा झंडा घर-घर उठाएं, तब आप अपने बच्चे की शिक्षा चाहते हो, अपने बच्चों के लिए नौकरी चाहते हो, अपनी बेटियों की इज्जत चाहते हो। इसके लिए निषाद पार्टी का झंडा लहराओ। किसी की हिम्मत नहीं कि वह आप पर आंख उठाए।'

इसके बाद संजय ने कहा, 'अगर कोई आपके ऊपर हाथ उठाता है, तो आपको हमारी तरफ से आदेश है कि आप उसका हाथ तोड़कर, काटकर फेंक दो, जेल से जमानत हम करा देंगे। इसलिए कहता हूं कि निषाद पार्टी का झंडा उठा लो। यह तुम्हारे बच्चों को नौकरी है, यह तुम्हारी बेटियों की इज्जत है और यह झंडा तुम्हारी सुरक्षा और सम्मान की गारंटी है।'

 

यह भी पढ़ें: अमृतसर में पुलिस के ASI पर 3 युवकों ने चलाई गोली, बाल-बाल बची जान

संजय ने विपक्षियों पर साधा निशाना

भाषण के दौरान संजय ने लोगों को सलाह देते हुए कहा कि अगर कोई दूसरी पार्टी आपके मोहल्ले में झंडा लेकर आए तो उस पार्टी का स्वागत मत करना। इसके बाद संजय ने कहा कि जब तक सभी जनता दूसरों का झंडा लहराती रहेगी, तब निषाद समाज का शोषण होता रहेगा। इसके साथ युवाओं की नौकरियों की लूट होती रहेगी। इसलिए लोगों को निषाद पार्टी का झंडा उठाना चाहिए, ताकि बेईमानों का झंडा लहर न पाए।