उत्तर प्रदेश के शामली जिसे के कांधला इलाके से पुलिस की टीम पर हमले का एक मामला सामने आया है। यहां गांव भभीसा में प्लॉट के विवाद की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ महिला सिपाही और उसके परिजनों की कथित तौर पर कहासुनी हुई। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट भी हो गई। इस मामले में चौकी प्रभारी समेत दो महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई हैं।
इस मामले में अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस घटना का एक वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के दौरे से बदलेगा मनाली-रोहतांग का ट्रैफिक प्लान
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, भभीसा निवासी सतबीर का अपने पड़ोसी गुड्डू से प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा है। इस जमीन विवाद को लेकर सतबीर ने थाने में शिकायत की थी। इसी शिकायत की जांच के लिए पुलिस टीम गांव पहुंची थी। इसी दौरान कानपुर में तैनात महिला सिपाही अंशु, के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि महिला सिपाही और उसके परिजनों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए धक्कामुक्की शुरू कर दी।
दोनों पक्षों में मारपीट
बताया गया कि धक्कामुक्की के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें कानपुर में तैनात महिला सिपाही की बहन अंजु घायल हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद सतबीर ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उसने आरोप लगाया कि महिला सिपाही ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपने भाई, तीन बहनों और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की।
वहीं, महिला सिपाही की बहन मंजू ने पुलिस पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने सीओ कैराना को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने उसके और उसकी बहन के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। मंजू ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: भर्ती की तारीख से तय होगा OPS, हिमाचल हाई कोर्ट का फैसला समझिए
वीडियो वायरल
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस टीम के साथ धक्कामुक्की होती दिखाई दे रही है। मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने सतबीर की तहरीर के आधार पर महिला सिपाही के परिवार के छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि सतबीर की तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।
