उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक सरकारी स्कूल की टीचर ने दहेज और 'मनहूस' के तानों से परेशान होकर फांसी लगा ली। महिला की शादी 8 महीने पहले ही हुई थी। आत्महत्या से पहले महिला ने अपने मोबाइल में एक वीडियो भी बनाया था। इस वीडियो में उसने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतका के परिवार वालों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की शिकायत दर्ज कराई है।
यह घटना देहरादून के डोईवाला क्षेत्र की है। मृतका की मां ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि की शादी नवंबर 2025 में सौरभ खत्री से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मां का आरोप है कि ससुराल वाले कभी दहेज तो कभी अन्य बातों को लेकर उसे अपमानित करते थे। उनकी बेटी को 'मनहूस' कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
यह भी पढ़ें: छह महीने पहले कोर्ट मैरिज, अब लीची के पेड़ से लटके मिले नवविवाहित दंपती
क्या है पूरा मामला?
मृतका की मां ने कोतवाली डोईवाला में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ खत्री उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात है। वहीं सृष्टि सरकारी टीचर थीं। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू ने दहेज व अन्य कारणों से सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। शादी के 3 महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन के बाद सृष्टि को मनहूस कहना शुरू कर दिया। ससुराल वालों ने ससुर की मौत का जिम्मेदार भी सृष्टि को ठहराया और उस पर प्रताड़ना व टॉर्चर बहुत अधिक बढ़ा दिया। सृष्टि के ससुराल वालों का कहना है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की। इसके बाद उसे तत्काल कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
'अब और सहा नहीं जाता'... टीचर ने वीडिया बना दे दी जान
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। महिला ने वीडियो में कहा, 'सॉरी मम्मी, सॉरी गुड़िया, सॉरी रुचि… मैं ऐसे जा रही हूं। सब कुछ बहुत... बहुत अजीब सा हो गया… मैं 6 महीने से सह रही हूं। अब और सहा नहीं जाता, इन लोगों की सोच कभी बदल नहीं सकती। सब कुछ शादी के बाद शुरू हुआ, मनहूस, मनहूस।'
हर्रावाला पुलिस चौकी लिखित शिकयात दर्ज
मां की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 80(2) (दहेज हत्या) के अंतर्गत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में जुटी है। इस मामले की संवेदनशीलता और आरोपी के प्रशासनिक पद को देखते हुए जांच पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वंदना वर्मा को सौंपी गई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। सीओ वंदना वर्मा का कहना है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। मृतका की मां की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच जारी है।
