उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को बड़ा हंगामा हो गया। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर दौराला थाना क्षेत्र में कांवड़ियों के दो गुटों के बीच विवाद  हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को बीच बचाव के लिए आना पड़ा लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस भी इसकी चपेट में आ गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस की सरकारी जीप में मौजूद दो पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मियों के कपड़े भी फट गए। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांवड़ यात्रा के दौरान एक बाइक सवार की कथित तौर पर कांवड़ियों से टक्कर हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में मामला दो गुटों के बीच झड़प में बदल गया। देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। 

 

यह भी पढ़ें: बाबरी मस्जिद विध्वंस की जांच करने वाले जज का निधन, जानिए कौन थे एम.एस. लिब्रहान?

 

मौके पर पहुंची पुलिस

कांवड़ यात्रा के दौरान हुई इस घटना की सूचना मिलने पर दौराला थाने से पुलिसकर्मी एक सरकारी जीप में बीच बचाव करने के लिए आए। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी हालात को शांत कराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ का गुस्सा उन पर फूट पड़ा। रिपोर्ट्स के अनुसार, बाइक सवार मौके से निकल गया, जबकि पुलिसकर्मियों को घेर लिया गया। आरोप है कि उन्हें जीप से बाहर खींचकर पीटा गया और उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। हालांकि, अभी तक इन दावों की पुष्टि नहीं हो सकी है लेकिन भीड़ पुलिस जीप से निकालकर पिटाई करती हुई दिखाई दे रही है।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

घटना के दौरान दिल्ली-देहरादून हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक आवाजाही बाधित रही। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया। इसके बाद ट्रैफिक को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

मौके पर पहुंचे अधिकारी

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी गई।

 

यह भी पढ़ें: आज से 12 अगस्त तक नमो भारत के 17 स्टेशन रहेंगे बंद, जानिए स्टेशनों की लिस्ट

वीडियो वायरल

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस की जीप भीड़ के बीच दिखाई दे रही है। कुछ लोग कथित तौर पर जीप से साधे कपड़े में सवार पुलिस वालों को निकालते हैं। इसके बाद उनके साथ मारपीट की जाती है। पुलिस अभी इस मामले की जांच कर रही है।